जोरी नगला में अग्निकांड
आठ घर जलकर राख हुए
-चार बकरी भी मरीं, एक खेत में खड़ी गेहूं की फसल भी राख
-तेज हवा में कहीं से आई चिंगारी से लगी आग, लोगों ने भागकर जान बचाई
थाना क्षेत्र के गांव जोरी नगला के पूर्वी हिस्से में सोमवार को सुबह तेज हवाओं के बीच एक घर में अचानक लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने आठ घरों और एक खेत को अपनी चपेट में ले लिया। सारे घर धू-धू कर जलने लगे। इससे भगदड़ मच गई। घरों में रहने वाले लोगों ने भागकर खुद को, बच्चों तथा महिलाओं को किसी तरह से बचाया। इन घरों में हजारों रुपये कीमत का घरेलू सामान जल गया। घरों के अंदर बंधी चार बकरियां भी जलकर मर गईं। घरों के पास एक खेत में खड़ी गेहूं की फसल को भी आग ने चपेट में ले लिया। इससे फसल जलकर राख हो गई।
आग पूरे गांव को चपेट में ले सकती थी, अगर गांव वाले इकट्ठे होकर जैसे-तैसे आग को बुछाने में नहीं जुटते। बाद में पहुंची दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। पूरे दिन गांव में अफराततफरी की स्थिति रही। सोमवार को सुबह तेज हवा के साथ आई चिंगारी ने सबसे पहले महेंद्रपाल के घर को चपेट में लिया। उनके घर में आग की लपटें निकलने लगी। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के आधा दर्जन से अधिक घरों को आगोश में ले लिया। इसमें श्रीपाल की चार बकरी भी मौके पर ही झुलस कर मर गई। घर में रखी संतोष की एक लाख की नकदी भी जल गई, जो कुछ दिन पहले ही उन्होंने केसीसी से निकाली थी। श्रीपाल, ध्यानपाल, महिपाल, हेमसिंह, अमर सिंह, छोटे लाल, महेंद्रपाल के घर आग भी जल कर राख हो गए। पास में ही रघुवीर के गेहूं के खेत में खड़ी फसल भी जल गई। कई उपले के बटिया भी जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि आग गांव के पूर्वी क्षेत्र तक नहीं पहुंची, वरना पूरा गांव ही आग की चपेट में आ जाता। ग्रामीणों ने आनन-फानन में बोरिंग चलाकर तथा सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने तहसील को दे दी है।
----
सुलगती बीड़ी ने राख कर दी गेहूं की फसल
उझानी। जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजन मेंदीरत्ता का खेत राजनगर कॉलोनी के पास है। उन्होंने गद्दीटोला मोहल्ला निवासी लाखन मौर्य को खेत बटाई पर देकर गेहूं कराए थे। सोमवार दोपहर में किसी राहगीर ने गेहूं की फसल में सुलगती बीड़ी फेंक दी। इससे गेहूं की फसल में आग लग गई। राजन ने बताया कि करीब चार बीघा गेहूं की फसल राख के ढेर में तब्दील हो गई।
मोबाइल टॉवर रूम में
आग से चटकीं दीवारें
-किलाखेड़ा मोहल्ले में कांग्रेस नेता के छत पर लगा है टॉवर
उझानी (बदायूं)। कांग्रेस नेता सुरेशपाल तोमर के घर की छत पर लगे मोबाइल टॉवर के मशीन रूम में सोमवार दोपहर स्पार्किंग ने आग पकड़ ली। आग ने कमरों को भी चपेट में ले लिया। मोहल्ले के लोगों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू तो पा लिया लेकिन तब तक हॉल और कमरे की दीवार चटक गईं। इससे काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
मोहल्ला किलाखेड़ा निवासी कांग्रेस नेता सुरेशपाल तोमर ने अपने मकान की छत पर एक सेलफोन कंपनी का टॉवर लगवा रखा है। कंपनी के कारिंदे टॉवर के मशीन रूम में ताला डाल कर सुबह कहीं चले गए थे। दोपहर बाद मशीन रूम के नीचे हॉल में धुआं निकला तो परिवार के लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुन कर पहुंचे पड़ोस के लोगों ने उन्हें मकान के अंदर से बाहर निकाल कर आग पर काबू पाने को कोशिश शुरू कर दी। बिजली कर्मियों को बुलाकर टॉवर की लाइन भी कटवा दी गई। टॉवर के मशीन रूम का ताला तोड़ कर आग पर काबू पा लिया गया लेकिन तब तक हॉल और कमरे की दीवारें चटक गईं। हादसे की भनक लगते ही सुरेश तोमर भी घर पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को भी मौके पर बुला लिया। बताया- मशीन रूम में आग तारों में स्पार्किंग की वजह से लगी है। मशीन रूम में अनिशमन यंत्र नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। गृहस्वामी ने सेलफोन कंपनी के टॉवर इंचार्ज और फील्ड ऑफीसर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दे दी है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।