दुकान में लगी आग से जला सामान।
- फोटो : 1
बिसौली। नगर में सोमवार की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित श्री राधे गोविंद इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में दुकान में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं। पड़ोस के दुकानदारों ने तत्काल दुकान मालिक को सूचना दी और बिना देर किए बाल्टियों, पाइपों और अन्य संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
करीब आधे घंटे से अधिक समय तक चले अथक प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की अन्य दुकानों को चपेट में आने से बचा लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि तब तक दुकान में रखा टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखे सहित अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग से करीब डेढ़ से दो लाख रुपये तक के नुकसान की बात सामने आ रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।