Accident In Budaun: बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रूखाबाद हाईवे पर रविवार शाम कैंटर की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। साथ बैठी आशा कार्यकर्ता समेत दो महिलाएं घायल हो गईं। मृतका महिला सिद्धार्थनगर जिले की रहने वाली थी। वह सीएम उद्यमी थी।
सिद्धार्थनगर जिले की निवासी आभा द्विवेदी (33) पुत्री सीडी द्विवेदी सीएम युवा उद्यमी महिला मित्र थीं। वह तीन माह पहले ही गोरखपुर से तबादला होकर बदायूं आई थीं। सालारपुर उद्योग केंद्र में उनकी तैनात थी। रविवार को वह स्कूटी से सरिता (32) पत्नी लकी निवासी कुरऊ के साथ उसके मायके सिलहरी जा रही थीं। उनकी स्कूटी पर आशा कार्यकर्ता नीतू (35) पत्नी तेजपाल निवासी आसरा आवास भी सवार हो गईं।
हाईवे पर गांव भगवतीपुर के पास सामने से आ रहे कैंटर की चपेट में स्कूटी आ गई। हादसे में तीनों महिलाएं गंभीर घायल हो गईं। मौके पर पहुंची नवादा चौकी पुलिस ने तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां डॉक्टर ने आभा द्विवेदी को मृत घोषित कर दिया। वहीं सरिता की हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया। नीतू का उपचार चल रहा है। हादसे की खबर मिलने पर घायलों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आभा के परिजनों को हादसे की सूचना दी है।