दहगवां। खेत पर फसल की रखवाली करने गए जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर के 55 वर्षीय किसान पुन्नी पर छुट्टा भैंसा ने हमला कर दिया। जब तक आस-पास के ग्रामीणों ने उसे बचाया, तब तक उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। किसान की मौत से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि किसान पुन्नी पुत्र बहोरी लाल मेहनतकश और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। वे खेती-बाड़ी के सहारे अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में उनकी पत्नी और चार बेटी है। शनिवार की रात पुन्नी खाना खाने के बाद अपने खेत में फसल की रखवाली करने चले गए थे, ताकि छुट्टा पशु फसल को नुकसान न पहुंचा सकें।
रात करीब 11 बजे खेत में अचानक एक छुट्टा भैंसा घुस आया। अंधेरे के कारण पुन्नी उसे देख नहीं सके। भैंसा उन पर टूट पड़ा और उसने उन्हें जमीन पर पटक दिया। किसान की चीख-पुकार सुनकर आस पास के खेतों में रखवाली कर रहे किसान मौके पर दौड़े। किसी तरह भैंसे को भगाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुन्नी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना पर परिजन खेत पर पहुंचे तो पुन्नी का शव देखकर कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर खराब हाल है।
ग्रामीणों ने किसी तरह शव को खेत से घर लाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी जरीफनगर अश्वनी कुमार ने बताया कि किसान की मौत की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है।
मृतक किसान - पुन्नी, फाइल फोटो