किसान न्याज अहमद का फाइल फोटो। स्रोत परिवार
वजीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव मानकपुर में बृहस्पतिवार शाम ट्यूबवेल से सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आए 57 वर्षीय किसान न्याज अहमद की मौत हो गई। वह मक्का की फसल में पानी लगा रहे थे।
न्याज अहमद खेतीबाड़ी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक, न्याज अहमद बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे खेत पर मक्का की फसल की सिंचाई कर रहे थे। उन्होंने ट्यूबवेल का फेस बदलने की कोशिश की थी। तभी उन्हें बिजली का तेज करंट लग गया और वह ट्यूबवेल की कोठरी में ही गिर गए। करीब दो घंटा बाद उनके गांव के कुछ लोग ट्यूबवेल के सामने से गुजरे।
उन्होंने किसान को ट्यूबवेल की कोठरी में पड़ा देखा तो उनके परिवार वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बृहस्पतिवार रात उनका शव मोर्चरी में रखवा दिया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुक्रवार दोपहर उनके शव का पोस्टमार्टम कराया। किसान के तीन बेटियां और दो बेटे हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है।