बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सम्राट अशोक नगर निवासी प्रशान्तकान्त ने अदालत के आदेश पर तीन नामजद व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
बताया है कि हरीश चन्द्र, पंकज और ओमकार निवासी कटिन्ना बरचऊ थाना कादरचौक के रहने वाले हैं। हरीश चन्द्र ने एक फर्जी आय प्रमाण पत्र बनवाया था, जिसकी रिपोर्ट उसने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद से हरीश उससे रंजिश मानने लगा। कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका था। 18 जुलाई 2023 को सुबह करीब 4.30 बजे वह अपने घर के सामने गली में टहल रहा था उसी समय हरीश चन्द्र अपने हाथ में चाकू लेकर तथा पंकज व ओमकार अपने हाथों में लाठी लेकर तीन अज्ञात लोगों के साथ आ गया। गालियां देते हुए मारने को दौड़े। वह भागकर अपने घर में घुस गया। आरोपी घर में घुस आए और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उसको गंभीर चोट आईं।
मेडिकल परीक्षण में पता लगा कि उसके सीधे कंधे की हड्डी भी टूट गई है। काफी समय अपने इलाज में लगा रहा। पुलिस को तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद एसएसपी को रजिस्टर्ड डाक से शिकायती पत्र भेजा, लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। अब कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू की है।