उझानी। शादी करने के लिए घर से निकले कासगंज जिले के निवासी प्रेमी युगल ने कछला गंगाघाट पर आकर कीटनाशक पी लिया। ठेले पर बेहोश युगल को देख मौके पर दुकानदारों की भीड़ लग गई। दोनों को उझानी अस्पताल लाकर प्राथमिक उपचार कराया। नाजुक हालत में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मामला शाम करीब बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे का है। कासगंज जिले में सहावर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक 17 वर्षीय लड़की के साथ गंगाघाट पर पहुंचा। दोनों घाट के पास ठेला पर बैठकर आपस में बातचीत करने लगे। उसी दौरान किशोरी ने अपने बैग से कीटनाशक की शीशी निकाली और आधी से अधिक पी ली। इसके बाद युवक ने भी कीटनाशक पी लिया। कुछ देर बाद ही दोनों बेहोश होने लग गए। दोनों को ठेला पर पड़ा देख दुकानदारों में से किसी ने युवक को पहचान लिया। उसकी बहन कछला में ब्याही है। फोन करके बहनोई को भी घाट पर ही बुला लिया गया।
बेहोश प्रेमी युगल में युवक के बहनोई रामू ने बताया कि दोनों एक- दूसरे से प्यार करते हैं। किशोरी के घरवालों को भी हकीकत पता है। दोनों ने कीटनाशक क्यों गटका, यह तो रामू को नहीं पता लेकिन उनके परिजन इस रिश्ते के विरोध में हैं। रामू ही एंबुलेंस के जरिये दोनों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर पहुंचा। चिकित्साधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि युवक और किशोरी की हालत गंभीर है। हालांकि युवक ने खुद ही अपना नाम और पता बता दिया, लेकिन किशोरी ज्यादा कुछ नहीं बोल पाई। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई गई है। उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पहुंचते ही युवक ने किशोरी को पहले तो गोद में उठाकर इमरजेंसी तक पहुंचाने की कोशिश, फिर वह किशोरी का नाम लेकर उसे होश में लाने का प्रयास करता रहा।
कासगंज जिले के निवासी एक युवक व युवती के द्वारा कछला गंगाघाट पर आकर कीटनाशक पीने के बारे में पता लगा है। मौके पर पुलिस भेजकर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। - सुनील कुमार, सीओ उझानी