एसडीएम दातागंज की ओर से फेसबुक आईडी पर डाली गई पोस्ट। स्रोत सोशल मीडिया
बदायूं। जिले की दातागंज तहसील में तैनात एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह की फेसबुक आईडी का एक बार फिर किसी अज्ञात व्यक्ति ने क्लोन बना दिया। क्लोन आईडी बनाकर आरोपी की ओर से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजीं जा रही हैं। मामला सामने आने के बाद एसडीएम ने लोगों से सतर्क रहने और फर्जी आईडी से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह के परिचित लोग, जो फेसबुक पर पहले से उनसे जुड़े हुए हैं, उनके पास नई आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट पहुंची। एसडीएम के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट व प्रोफाइल देखने पर लोगों को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने सीधे एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह को कॉल कर इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने पर एसडीएम ने स्पष्ट किया कि वह आईडी उनकी नहीं है। किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से फर्जी तरीके से बनाई गई है। एसडीएम ने बताया कि इससे पहले भी उनकी फेसबुक आईडी का क्लोन बनाया जा चुका है। उस समय भी लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर भ्रमित करने की कोशिश की गई थी। इस बार फिर से ऐसी घटना सामने आने के बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया है।
उन्होंने लोगों से फेसबुक पर मैसेज के माध्यम से अपील की है कि यदि किसी को उनके नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट या कोई संदिग्ध संदेश प्राप्त हो तो उसे स्वीकार न करें। तुरंत इसकी सूचना दें। साथ ही फर्जी आईडी को रिपोर्ट करने की भी बात कही है, ताकि उसे जल्द से जल्द बंद कराया जा सके। एसडीएम ने बताया कि इसको लेकर इंस्पेक्टर से बात की है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।