औरछी। गांव के एक व्यवसायी को रात में मोपेड से घर लौटते समय किसी वाहन ने टक्कर मार दी। वह बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े थे। वहां से गुजर रहे राहगीर ने उनके ही फोन से परिवार को सूचना दी। परिवार वाले उन्हें लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। जहां हालत नाजुक बताए जाने पर वह सीधे चंदौसी और बाद में मुरादाबाद इलाज के लिए ले जा रहे थे कि रास्ते में व्यापारी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया है।
थाना फैजगंज बेहटा के गांव ओरछी निवासी मूलचंद (65 साल) गांव में ही परचून की दुकान चलाते थे। शनिवार की रात वह जिला रामपुर के थाना शाहबाद के अनवें गांव में एक दावत में गए थे। रात करीब 9:30 बजे वह अपनी मोपेड से घर लौट रहे थे। आसफपुर रोड पर एक भट्टा के पास पहुंचे कि किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और भाग गया। वह गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़े थे।
किसी राहगीर ने उनके ही फोन से परिवार वालों को सूचना दी। परिवार वाले एंबुलेंस से उन्हें आसफपुर सीएचसी ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राइवेट चिकित्सक के यहां चंदौसी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उन्हें गंभीर बताकर हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिवार वाले उन्हें मुरादाबाद ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
बाद में उनके बेटे राजेंद्र कुमार ने फैजगंज बेहटा थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।