बदायूं। फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले रामेश्वर यादव की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। एक सामाजिक व्यक्ति ने उसके खिलाफ कोर्ट में वाद दायर कराया है। सुनवाई के लिए 11 दिसंबर तिथि निश्चित की है। इस संबंध में कोतवाली पुलिस से आख्या मांगी गई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के खेड़ा नवादा निवासी आमिर अंसारी ने पूर्व दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा और सपा सांसद धर्मेंद्र यादव के संबंध में फेसबुक पर एक पोस्ट डाली थी। जिस पर जरीफनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नाधा निवासी रामेश्वर यादव ने आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी की थी, जिससे मुस्लिम वर्ग के लोगों ने आपत्ति की थी। आमिर अंसारी ने इस संबंध में शहर कोतवाली में रामेश्वर यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चार दिन पहले कोतवाली पुलिस ने रामेश्वर यादव को गिरफ्तार किया था। उसके बाद आमिर अंसारी द्वारा दर्ज कराई गई दूसरी रिपोर्ट जान से मारने की धमकी के मामले में कोर्ट में पेश किया गया। जिस पर उसे जमानत मिल गई थी। इसी क्रम में अब नई सराय मोहल्ला निवासी सरताज पुत्र असगर ने कोर्ट में वाद दायर कराया है। जिसमें उनका कहना है कि रामेश्वर यादव पुत्र राम सिंह यादव ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इससे मुस्लिम समाज के लोगों की भावनाओं को काफी ठेस पहुंची है।
रामेश्वर यादव गिरफ्तारी को उठी आवाज
बदायूं। शहर के मोहल्ला नागरान में स्थित मदरसा बरकातिया रजविया में बुधवार को मजहबी रहनुमाओं की एक बैठक हुई। बैठक में रामेश्वर यादव को फिर से गिरफ्तार करने की मांग उठी। इस मौके पर मौलाना मोहम्मद मंजर हसन नूरी, मौलाना गुलाम गौस अशरफी, राहत रजा मजहरी कारी फैसल, हाफिज इमरान, हाफिज अजहर, हाफिज जहीरउद्दीन आदि मौजूद रहे।
रामेश्वर यादव की जमानत में पुलिस प्रशासन ने राजनीतिक दबाव में खेल किया। उसकी जमानत का रास्ता जानबूझकर आसान किया गया। दोबारा जेल पहुंचाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हम मामले को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे।
-आबिद रजा, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री