अलापुर के छात्र की आगरा में मौत
परिवार वालों ने लगाया हत्या का आरोप
आगरा पुलिस ट्रेन हादसा बता रही
अमर उजाला ब्यूरो
अलापुर। अल्लापुर गांव के एक छात्र की आगरा में मौत हो गई। परिवार वालों का आरोप है कि छात्र को साजिश के तहत मारा गया है। जबकि आगरा पुलिस छात्र की ट्रेन से गिरकर मौत होना बता रही है। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार देर रात छात्र का शव घर लाया गया तो परिवार में कोहराम मच गया।
अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम अल्लापुर निवासी 26 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र जयपाल सिंह आगरा में बीटीसी कर रहा था। परिजनों के मुताबिक मनोज तीन जुलाई को अपने घर से आगरा गया था। दो दिन बाद 15 जुलाई को उसका शव वहीं थाना एतमानपुर इलाके में ट्रेन की पटरी के किनारे पड़ा मिला। अगले दिन घरवालों को फोन पर मनोज कुमार के ट्रेन दुर्घटना में मौत होने की सूचना मिली। उसी दिन परिवार वाले आगरा रवाना हो गए थे। परिवार वालों के वहां पहुंचने से पहले आगरा पुलिस ने पंचनामा भरकर शव मेडिकल कॉलेज भेज दिया था। जहां पोस्टमार्टम के बाद सोमवार देर रात मनोश का शव यहां अल्लापुर गांव स्थित घर लाया गया। मंगलवार सुबह अंतिम संस्कार कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि मनोज को षडयंत्र के तहत मारा गया है। उसके शरीर के कई अहम अंग गायब है। जबकि आगरा पुलिस ट्रेन हादसा बता रही है। परिजनों के मुताबिक मनोज के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं थे। पूरा शरीर किसी धारदार वस्तु से काटा गया है। ट्रेन से गिरकर मौत होने पर मनोज की हड्डियां टूटी होतीं। परिवार वाले मनोज के मानव तस्कर गिरोह का शिकार होने की आशंका जता रहे हैं।