उझानी (बदायूं)। रविवार सुबह छाये घने कोहरे में आगरा हाईवे पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टाटा मैजिक को टक्कर मार दी। नतीजतन मैजिक चालक की मौके पर ही मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर के बाद बस के अगले हिस्से में फंसी मैजिक घिसटते हुए कार से टकरा गया। जिसमें कार सवार लोगों को मामूली चोटें आईं।
हादसा आगरा हाईवे पर उझानी कोतवाली क्षेत्र में जजपुरा मंदिर के पास सुबह करीब सात बजे हुआ। बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव सिरासौल निवासी सत्तार खां (30) गांव के ही एक व्यक्ति की टाटा मैजिक का चालक था। बदायूं से सामान लोड करने के लिए वह गांव के ही बृजमोहन (18), जितेंद्र (30) और टिंकू (22) के साथ घर से निकला। जजपुरा मंदिर के पास सामने से आ रही एटा डिपो की रोडवेज बस अगला पहिया पंक्चर हो जाने से मैजिक मेें जा घुसी। नतीजतन मैजिक चालक सत्तार की मौके पर ही मौत हो गई। उसमें सवार बृजमोहन, जितेंद्र और टिंकू घायल हो गए। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बस में फंसकर मैजिक काफी दूर तक घिसटती गई। इससे मैजिक से सटकर चल रही कार भी चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद चालक बस मौके पर ही छोड़कर भाग गया। राहगीरों में से किसी ने फोन पर पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने मैजिक सवार घायलों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचा कर भर्ती कराया गया। सूचना के बाद मृतक सत्तार के घरवाले भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के भाई बाबू खां की तहरीर पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी कराया। इसे लेकर हाईवे पर काफी देर तक वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त रोडवेज बस और मैजिक को कब्जे में ले लिया है।
टाटा मैजिक की खिड़की तोड़कर निकाला शव
उझानी। रोडवेज बस की टक्कर से टाटा मैजिक का चालक सत्तार उसमें अंदर ही फंस गया। सीट और स्टेयरिंग के बीच फंसे चालक के शव को बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों को मैजिक की खिड़की भी तोड़नी पड़ी। दुर्घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के घरवालों में भाई बाबू ने बताया कि सत्तार के पांच बच्चे हैं। एक बेटी और चार बेटों में कोई ऐसा नहीं है जो फिलहाल परिवार का खेवनहार बन सके। बेटी गुड़िया तो निकाह लायक है। सबसे छोटे चार साल के दो बेटे जुनैद और अल्तस जुड़वां हैं।