खेल प्रतियोगिता में शामिल छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
बदायूं। पुलिस लाइन मैदान पर चल रही जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं हुईं। बेसिक शिक्षा विभाग और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। बुधवार को समापन समारोह के दौरान विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा।
मंगलवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय दहेमू के मयंक तोमर ने सुलेख प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। खोखो के बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय पसेई कादचौक ने प्रथम स्थान और हरहरपुर उझानी की टीम ने दूसरा स्थान पाया। 600 मीटर दौड़ में बालक जूनियर वर्ग में मंगेश तो उच्च प्राथमिक स्कूल स्तर पर सतेती स्कूल ने जीत दर्ज की। इसके साथ ही 400 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय कादरचौक के अभिषेक ने प्रथम स्थान हासिल किया। पुरस्कार वितरण बीएसए प्रेमचंद्र यादव ने किया। इस मौके पर बीईओ सोमनाथ विश्वकर्मा, प्रवीण कुमार शुक्ल, अजय कुमार, लालबाबू द्विवेदी, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रकेश यादव, शैलेंद्र सिंह, परमवीर सिंह, रामकिशोर पाल आदि उपस्थित रहे। संचालन मोहम्मद आकिल खां ने किया।
----
बाहरी खिलाड़ियों ने की शिक्षिका से अभद्रता
बदायूं। क्रीड़ा प्रतियागिता में मंगलवार को पुलिस ग्राउंड पर कबड्डी के दौरान ज्यादा आयु वर्ग के बाहरी खिलाड़ियों को बुलाने से खींचतान मच गई। बताते हैं कि कबड्डी में जब एक टीम ने दूसरे विद्यालयों के खिलाड़ियों को बुलाकर बाजी जीतने की कोशिश की तो दूसरी टीम ने इन्हें बाहरी खिलाड़ी बताकर विरोध शुरू कर दिया। कहा कि खिलाड़ी ज्यादा आयु वर्ग के और बलिष्ठ हैं। ऐसे तो वह मैच हार जाएंगे। तब बाहरी खिलाड़ी वाली टीम के लोग भी हंगामा करने लगे। एक शिक्षिका ने इन्हें समझाने की कोशिश की तो बाहरी बताए जा रहे खिलाड़ियों ने उनसे अभद्रता की। शिक्षिका को चोटी पकड़कर खींचा तो वह जमीन पर गिर गईं। तब यहां मौजूद शिक्षकों ने उस छात्र को पकड़कर पीट दिया। छात्र को जगत ब्लाक के बीईओ सोमनाथ विश्वकर्मा के पास ले जाया गया। उन्होंने दोनों टीमों को समझाकर मामले को रफादफा करा दिया। बाद में संबंधित खिलाड़ियों ने ही कबड्डी में हिस्सा लिया।