बदायूं। जिले में छोटे बच्चों की पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए जिले में 900 नए आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे। फिलहाल अधिकांश केंद्र सरकारी स्कूलों के एक कमरे में ही संचालित हो रहे हैं, जिससे बच्चों को पर्याप्त जगह और सुविधाएं नहीं मिल पातीं।
महिला एवं बाल विकास विभाग को शासन ने नए भवन निर्माण का लक्ष्य दिया है। इसके लिए विभाग ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में जमीन की उपलब्धता मांगी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जहां जमीन उपलब्ध होगी। वहां प्राथमिकता से भवन बनाए जाएंगे।
प्रत्येक केंद्र में बच्चों के बैठने, खेलने और पोषण आहार वितरण के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी। विभागीय के अनुसार प्रत्येक केंद्र के निर्माण पर लगभग आठ लाख रुपये तक की लागत आएगी। इन भवनों में साफ पानी, शौचालय और सुरक्षित खेलने के उपकरण भी लगाए जाएंगे।इससे ग्रामीण इलाकों के बच्चों को बेहतर पोषण और प्री-स्कूल जैसी सुविधाएं मिलेंगी। नए भवन बनने से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी काम में सुविधा होगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि जमीन की तलाश की जा रही है। जमीन मिलने के बाद में शासन को फाइल भेजी जाएगी।