दहगवां स्थित कृष्णा हेल्थ केयर सेंटर सील
इलाज के दौरान हुई थी महिला की मौत, भीड़ देखकर घबरा गई पुलिस, फिर लगवाए ताले दहगवां (बदायूं)। एसडीएम और जरीफनगर पुलिस ने मंगलवार को नगर पंचायत दहगवां में स्थित प्राइवेट अस्पताल कृष्णा हेल्थ केयर सेंटर को सील करा दिया। यहां रविवार दोपहर एक महिला की मौत हो गई थी। इससे गुस्साए परिवार वालों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया था और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
कृष्णा हेल्थ केयर सेंटर नगर पंचायत दहगवां में स्थित है। जहां शनिवार दोपहर जरीफनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसा खुर्द निवासी श्रीकृष्ण ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी मेनका को भर्ती कराया था। परिवार वालों का कहना था कि मेनका गर्भ से थी। डॉक्टर ने उसे कोई ऐसी दवा दे दी थी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। बाद में डॉक्टर ने उसका गर्भपात कर दिया। इसके बावजूद मेनका की हालत में सुधार नहीं हुआ। तब परिवार वाले उसे कृष्णा हेल्थ केयर सेंटर लेकर पहुंचे। रविवार दोपहर उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे गुस्साए परिवार वालों ने प्राइवेट अस्पताल में जमकर हंगामा किया। मामला बिगड़ते देखकर डॉक्टर और अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जरीफनगर इंस्पेक्टर पंकज लवानियां और सीओ सहसवान मुन्नालाल मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने बमुश्किल लोगों को समझाबुझा कर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर, मंगलवार को सहसवान एसडीएम और सहसवान सीओ मुन्नालाल कृष्णा हेल्थ केयर सेंटर दोबारा पहुंचे। उन्होंने हेल्थ केयर सेंटर में ताले लगवा सील करा दिया। पुलिस की माने तो अस्पताल में भ्रूण हत्या हो रही थी। अस्पताल के कागजात ठीक हैं या नहीं इसके लिए सीएमओ से रिपोर्ट मांगी गई है। अगर सीएमओ की रिपोर्ट में अस्पताल फर्जी पाया जाता है, तो रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -------------------
महिला की मौत के बाद भीड़ इतनी बढ़ गई थी कि लॉ एंड ऑर्डर को देखते हुए अस्पताल को सील किया गया है। वैसे यह कार्य पुलिस का नहीं है लेकिन मामला बिगड़ते हुए ऐसा किया गया। अगर अस्पताल के कागजात फर्जी पाए गए तो रिपोर्ट दर्ज होगी। अगर सही हैं तो अस्पताल दोबारा खुल सकता है। -मुन्नालाल, सीओ सहसवान