स्वच्छता से मन स्वस्थ रहेगा : डीएम
किताबी शिक्षा के साथ सांस्कारिक शिक्षा भी आवश्यक
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने मंगलवार को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सभी बच्चों को शौचालय का प्रयोग करने के साथ पड़ोसियों को भी इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रतिदिन प्रार्थना के बाद आधे घंटे स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और शिष्टाचार के बारे में बच्चों को बताएं। ब्लॉक स्तरीय दक्षता परीक्षा प्रतियोगिता दो दिसंबर को होगी।
मंगलवार को डीएम दिनेश कुमार सिंह अचानक आदर्श कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय डायट में जा पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा एवं अच्छे संस्कार मिलेंगे तभी जिले का स्वच्छ वातावरण होगा। डीएम ने क्लास में जाकर बच्चों से कहा कि सभी सुनिश्चित करें कि कोई खुले में शौच करने न जाए और न ही जाने दे। बच्चे प्रतिदिन अपने माता पिता के पैर छूकर विद्यालय आएं। सभी सही तरीके से यूनिफार्म पहनकर आएं। स्वच्छता से मन स्वस्थ होगा और पढ़ने में मन लगेगा। डीएम ने कहा कि अध्यापक ध्यान रखें कि स्कूल में बताई गई बातों का बच्चे पालन करें। बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ सांस्कारिक शिक्षा भी आवश्यक है।
डीएम ने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर दो दिसंबर को दक्षता परीक्षा होगी, जिसमें एक ब्लॉक से दस-दस टॉपर बच्चे चुने जाएंगे। इन बच्चों की जिला स्तर पर फाइनल परीक्षा कराई जाएगी, जिसमें प्रथम स्थान पाने वाले बच्चे को दस हजार रुपये, द्वितीय स्थान वाले को पांच हजार रुपये एवं तृतीय स्थान पर रहने वाले को तीन हजार रुपये, साइकिल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।