बदायूं। यातायात व्यवस्था सुधारने को पुलिस निष्पक्षता से अभियान चलाएगी। गुरुवार को कचहरी चौकी ढहाकर इसका संदेश लोगों को दिया गया। एसएसपी के निर्देश पर गुरुवार दोपहर कचहरी चौकी पर पुलिस की जेसीबी गरजी। खास बात यह कि चौकी ढहाने के बाद पूरा मलवा भी हटवा दिया गया है। पुलिस ने चौकी के आसपास बैठे दुकानदारों को रोड खाली करने को कहा है।
एसएसपी अशोक कुमार ने दो दिन पहले कहा था कि शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस हर कदम उठा रही है। फुटपाथ खाली कराने के लिए सख्ती से यातायात नियम लागू किए जाएंगे। एसएसपी ने कहा था कि लावेला चौक के अलावा कचहरी तिराहे पर जाम की सबसे बड़ी समस्या है। इससे निपटने के लिए कचहरी पुलिस चौकी हटाई जाएगी। गुरुवार दोपहर एसएसपी के आदेश पर सीओ सिटी वीरेंद्र सिंह यादव और सिविल लाइंस इंस्पेक्टर देवेश सिंह पुलिस टीम के साथ कचहरी तिराहे पर पहुंच गए। पुलिस चौकी को पहले ही खाली करा लिया गया था। जेसीबी को बुलवाकर पुलिस को चौकी को ढहा दिया गया। उसके बाद नगर पालिका के ट्रैक्टर-ट्रॉली से मलवा हटवा कर शहर से दूर डलवा दिया गया। जिस समय कचहरी पुलिस ढहाई जा रही थी। उस समय आसपास के दुकानदारों के होश उड़ गए। उन्होंने दुकानों के बाहर लगा सारा सामान स्वयं हटा लिया। दुकान के आगे पड़े त्रिपाल और टीनशेड भी हटा लिए गए। इस दौरान सीओ सिटी ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि वह जल्द से जल्द अपनी-अपनी दुकानें खाली कर लें या हटा लें। चौकी के बराबर में स्थित सभी दुकानें हटवाई जाएंगी। इससे दुकानदारों में डर बैठ गया है। देर शाम तक उनकी दुकानें बंदी रहीं।