‘होली जुलूस पहले करें, नमाज का वक्त बढ़ा लें’
दोनों समुदायों की बैठक में डीएम और एसएसपी ने दी सलाह
सभी ने सराही पहल, शुक्रवार के दिन होली से टेंशन में था प्रशासन
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। रंग और धूमधड़ाके का त्योहार होली इस बार शुक्रवार को पड़ रहा है। दूसरे जिलों में नमाजियों के कपड़ों पर पड़े रंग के छीटों से हुए बवाल की पुरानी घटनाओं के मद्देनजर पुलिस प्रशासन के अधिकारी टेंशन में थे जिसे जिले भर से आए दोनों समुदायों के संभ्रांत लोगों ने दूर कर दिया। कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की सलाह को सभी ने सामूहिक रूप से सराहा और उनसे कह दिया कि बदायूं उनका जिला है, यहां मामूली बातों पर बदअमनी न आज तक हुई और न ही आगे कभी होगी।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम दिनेश कुमार सिंह और एसएसपी चंद्रप्रकाश की अध्यक्षता में कानून एवं शांति व्यवस्था के संबंध में बैठक हुई। दोनो समुदायों के लोग अधिकारियों के साथ बैठे। डीएम ने शांति समिति पदाधिकारियों से कहा कि वे अपने वार्डों एवं मोहल्लों में लोगों के साथ बैठक में सुनिश्चित करें कि होली पर किसी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए। एकदूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। हिंदुओं के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि होली जुलूसों को दोपहर में जल्दी निपटाने का प्रयास करें। यह भी ध्यान रखें कि किसी धर्म विशेष के व्यक्ति पर जबरन रंग न डालें और अनर्गल टिप्पणी न करें। मुस्लिम धर्म से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों से कहा कि मस्जिदों में नमाज का वक्त थोड़ा बढ़ जाए तो बेहतर रहेगा। कहा कि शराबी या कोई बच्चा अगर कोई शरारत कर भी दे तो बड़े मन से उसे माफ कर दें और तूल न दें। दोनों पक्षों के लोगों ने अधिकारियों की दलील को सराहा और इस पर अमल कराने की बात कही। कहा कि किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। होली प्रेम का त्योहार है, इसमें सभी समाजों की सहभागिता रहती है। इस बार भी सांप्रदायिक सौहार्द पूरी तरह बरकरार रहेगा।
इस अवसर पर एसपी सिटी कमल किशोर, एडीएम प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम सदर पारसनाथ, सीओ सिटी वीरेंद्र यादव, सभी थानाध्यक्ष, ईओ सहित दोनों समुदायों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
0000000
डीजे न बजने दें थानेदार
बदायूं। एसएसपी ने सभी थानेदारों को निर्देश दिए कि होली पर कोई नई परंपरा न पड़े। डीजे बजाना प्रतिबंधित रहेगा तो लाउडस्पीकर के लिए अनुमति लेनी होगी। कहा कि ध्यान रखें कि किसी धार्मिक, निजी एवं सार्वजनिक स्थल पर रंग न डाला जाए। जरूरत समझें तो होली जुलूसों के रास्ते में पड़ने वाले धर्मस्थलों पर पर्दे डलवा दें। असामाजिक तत्वों पर नजर रखें।
000000
जिला काजी के प्रवक्ता ने दिया आश्वासन
जिला काजी के प्रवक्ता तसनीम हसन कादरी ने बताया कि उन्होंने बैठक में अधिकारियों को बताया कि अगर वह पिछले शुक्रवार से पहले बता देते तो मस्जिदों से ही अगले जुमे की नमाज का वक्त देर में मुकर्रर करा देते। फिर भी वह पूरा प्रयास करेंगे कि रोड किनारे वाली व अन्य प्रमुख मस्जिदों की नमाज कुछ लेट शुरू हो। अधिकारियों को सलाह दी कि होली जुलूस बारह बजे तक निपट जाएं तो बेहतर रहेगा। हिंदू समाज के प्रतिनिधियों की ओर से भी सकारात्मक संदेश आया।
000000
रोडवेज मस्जिद में एक घंटा लेट होगी नमाज
रोडवेज स्थित दरगाह मस्जिद के मुतवल्ली परवेज बख्श भी बैठक में मौजूद थे। जब डीएम ने मस्जिदों में नमाज देर से शुरू करने में सहयोग मांगा तो सबसे पहले परवेज बख्श उठ खड़े हुए। बताया कि उनकी मस्जिद में जुमे के नमाज एक बजे होती है, इस बार इसे दो बजे कराया जाएगा।
0000000
पीएसी और रिक्रूट करेंगे पुुलिस की मदद
होली पर विवादित स्थलों को चिह्नित कर लिया गया है, वहां अतिरिक्त रूप से फोर्स की तैनाती रहेगी। वैसे सुरक्षा की दृष्टि से जिले में पर्याप्त पुलिस बल मौजूद है। इसके बावजूद मुरादाबाद से हमें कुछ रिक्रूट मिल रहे हैं तो बरेली से पीएसी बल आ रहा है। यह अतिरिक्त फोर्स स्थानीय पुलिस की मदद करेगा। सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर सारी प्लानिंग कर ली गई है।
- चंद्रप्रकाश, एसएसपी
-------------------------
होली पर सफाई व पानी व्यवस्था होनी चाहिए दुरुस्त
बदायूं। सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम की अध्यक्षता में साफ-सफाई को लेकर ईओ की बैठक ली। उन्होंने कहा कि सभी ईओ अपने-अपने नगर पालिका, पंचायतों में एक मार्च को पानी, चूना व सफाई की व्यवस्था सही कर लें।
डीएम दिनेश कुमार सिंह ने सभी ईओ को निर्देश दिए कि नगर पालिका व नगर पंचायतों में होली के दिन विशेष सफाई व्यवस्था रखें। सड़कों पर पड़े ईंट-पत्थरों को तुरंत हटवा दें। साथ ही सड़कों पर लगी स्ट्रीट लाइटों को भी ठीक करा लें। नगर पालिका व नगर पंचायतों में नाले-नाली के खुले मेनहोल को बंद करा दें। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि होली से पहले सड़कों की मरम्मत कर लें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सभी सीएचसी और पीएचसी में चिकित्सक सहित अन्य स्टाफ की होली के दिन मौजूद रहना चाहिए। साथ ही 108 एंबुलेंस को भी आवश्यकता पड़ने पर आपात सेवा को प्राथमिक उपचार दवाओं व सामग्री से लैस रखते हुए तैयार रखें। इस अवसर पर एडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव व ईओ मौजूद रहे।