दातागंज के पांच गांवों के
लोग तरस रहे बिजली को
प्रधानों ने फिर की सीएम से विद्युतीकरण की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
दातागंज।
तहसील क्षेत्र के पांच गांव आज भी विद्युतीकरण से वंचित हैं। शाम होते ही यह गांव पूरी तरह से अंधेरे में डूब जाते हैं। गांव के प्रधानों ने विद्युतीकरण के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से अनेक बार मांग की मगर नतीजा आज भी शून्य ही है। प्रधानों ने मुख्यमंत्री से विद्युतीकरण की मांग की है।
हर गांव में विद्युतीकरण की सरकारें बात करतीं हैं। मगर तहसील क्षेत्र के गांव कुडरा मजरा, लालपुर खादर, नवादा बदन, कटकोटा, मौजमपुर आदि गांव में आज भी विद्युतीकरण नहीं हो पाया है। इन गांवों के प्रधान कृष्णा देवी सिंह, नेकसू यादव, मीना देवी, श्रीकृष्ण और जितेंद्र यादव ने बताया कि वे कई बार विभागीय अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से विद्युतीकरण की मांग कर चुके हैं मगर सुनवाई नहीं हुई है। वह लखनऊ तक जा पहुंचे हैं फिर भी किसी ने उनकी इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया है। जिसकी वजह से गांव के लोग आज भी रात को रोशनी के लिए डिबरी का सहारा लेते हैं। सभी प्रधानों ने कहा है कि अब उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री से विद्युतीकरण की मांग की है।