फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी के सहारे नैया पार लगाने की कोशिश

विज्ञापन
सभा को संबोध‌ित करते ड‌िप्टी सीएम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बदायूं। भाजपा नगर निकाय चुनाव भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर जीतने की कोशिश में है। सोमवार को यहां कार्यकर्ता सम्मेलन में आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुणगान किया। उन्होंने नरेंद्र मोदी की तरह भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की हामी भरवाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की। डिप्टी सीएम ने भाजपा की नीतियों के बारे में बताने के साथ ही विपक्ष दलों पर सीधा निशाना साधा।
विज्ञापन

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे यहां गांधी ग्राउंड स्थित भाजपा प्रत्याशी दीपमाला गोयल की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले विधानसभा चुनाव में जिले से पांच विधायक जिताने पर जनता का आभार जताया। कहा कि जिस प्रकार जनता के सहयोग से देश और प्रदेश में कमल खिला, उसी तरह इस बार नगर निकाय चुनाव में पूरा जनसहयोग भाजपा को मिलना चाहिए। तभी शहरों और कस्बों में विकास हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि दूसरे दलों की सरकार में व्यापारियों, किसानों को दबाने का काम किया गया है। इससे देश और प्रदेश आगे बढ़ने की बजाय और पीछे चला गया। जबकि भाजपा सरकार ने लोगों के हितों के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बागडोर संभालते ही देश को तरक्की के रास्ते पर ला दिया। आज हर तरफ भारत का नाम और रुतबा बढ़ा है। प्रधानमंत्री ने किसानों के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई हैं। इसका सीधा फायदा किसानों को मिल रहा है। देश और प्रदेश में परिवर्तन दिखने लगा है। स्वच्छ भारत अभियान से हर तरफ खुशहाली दिख रही है। जल्द ही देश और प्रदेश नंबर वन होगा।
विज्ञापन

डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार में गुंडागर्दी खत्म हुई है। पिछली सरकारों में भूमाफिया ने जमीनों पर कब्जा किया है, जो खुद को बचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की शरण तलाश रहे हैं। मगर पार्टी में ऐसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं है। कार्यकर्ता सम्मेलन में डिप्टी सीएम ने दूसरे दलों के कुछ लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराने का एलान किया। आखिर में डिप्टी सीएम ने दीपमाला समेत भाजपा के सभी प्रत्याशियों को बहुमत से जिताने की अपील की।
कार्यकर्ता सम्मेलन में सांसद धर्मेंद्र कश्यप, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य, बिसौली विधायक कुशाग्र सागर, बिल्सी के आरके शर्मा, दातागंज विधायक राजीव कुमार बब्बू, पांचाल क्षेत्रीय अध्यक्ष वीएल वर्मा, पांचाल क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जेके सक्सेना, पूर्व मंत्री हरीश लाल कश्यप, जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, नगर निकाय चुनाव प्रभारी रामगोपाल मिश्रा, जिला प्रभारी महाराज सिंह, पूर्व विधायक प्रेम स्वरूप पाठक, वागीश पाठक, हरप्रसाद सिंह पटेल आदि रहे। संचालन जिला महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव ने किया।
-----------------------
सत्ता जाने से डिप्रेशन में हैं अखिलेश : केशव प्रसाद
बदायूं। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने अपना रोडमैप जारी कर दिया। जीतने के बाद इसी के आधार पर नगरों को विकास के पथ पर ले जाएंगे।
कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि सभी जगह भाजपा को भारी बहुमत से जीत हासिल होगी। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने नोटबंदी के दौरान एक बैंक में पैदा हुए बच्चे का नाम खजांची रखा, जिसका वह जन्मदिन मनाने की बात कर रहे हैं। इस सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि चुनाव हारने के बाद से अखिलेश डिप्रेशन में हैं। अब सत्ता उनके पास नहीं है, यह बात वह समझ नहीं पा रहे हैं। पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी इस तरह की बातें करने के लिए जाने जाते थे, लेकिन अब अखिलेश भी उसी तरह बोलने लगे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जनता का पूरा सहयोग मिलेगा, तो यूपी विकास के पथ की ओर अग्रसर होगा और वह देश में पहले नंबर पर आ जाएगा। फिलहाल इस समय यूपी में हर तरफ गंदगी ही गंदगी दिखाई दे रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें