बदायूं। रविवार को जिले के दो लाख 87 हजार बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय और केंद्रों पर अलग-अलग बूथ बनाए गए थे, जहां सुबह आठ बजे से लेकर शाम तक बच्चों को ड्रॉप पिलवाने का क्रम जारी रहा।
प्रभारी सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह और शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने गांधी ग्राउंड के नजदीक सकरी क्लीनिक पर बूथ का उद्घाटन किया। उसके बाद पांच साल तक के बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई गईं। इस दौरान शहर विधायक ने कहा कि पोलियो की खुराक पांच साल तक के बच्चों को बहुत जरूरी है। उनके हित के लिए अभियान जारी है। प्रभारी सीएमओ ने कहा कि देश में पोलियो पर कंट्रोल हो चुका है। इसके बावजूद बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए अभियान खत्म नहीं किया गया है। अपने बच्चों की सेहत का ध्यान रखते हुए पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। पूरे जिले में चले इस अभियान में दो लाख 87 हजार बच्चों को खुराक पिलाई गई।
दबतोरी। ब्लॉक आसफपुर क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में रविवार को छोटे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। खेड़ादास के सरकारी स्कूल में महिला शिक्षिका रजनी ने बच्चों को गोद में लेकर दवा पिलाई। इस मौके पर शिक्षामित्र, अनुदेशक, आगंनबाडी वर्कर, सहायिका, आशा कर्मचारी भी मौजूद रहीं। बच्चों को बाल पोषाहार भी वितरण किया गया। क्षेत्र के ललुआनला, मुसियानगला, बीधानगला, मोतीपुरा, भरतपुर, दबतोरा, लक्ष्मीपुर, संग्रामपुर, आदि गांवों में भी पोलियो की दवा पिलाई गई ।