‘नारी मजबूत होगी तो खुद ही खत्म हो जाएंगी सामाजिक बुराइयां’
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
शाहजहांपुर। अमर उजाला की अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स मुहिम के तहत शनिवार को मोहल्ला बिजलीपुरा स्थित मदरसा नूरुलहुदा में व्यक्तित्व विकास और स्वास्थ्य संबंधी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें महानगर की फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. नमिता सिंह ने मदरसा छात्राओं को टिप्स दिए। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किस तरह वह फिट रह सकती हैं। अपराजिता मुहिम की प्रशंसा करते हुए कहा कि अगर नारी मजबूत होगी तो समाज की तमाम बुराइयां खुद ही खत्म हो जाएंगी।
इससे पहले कार्यशाला का शुभारंभ डॉ. नमिता सिंह, डॉ. अमित सिंह, प्रधानाचार्य इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां, साबिया सुल्तान ने संकल्प पत्र पढ़कर किया। डॉ. इकबाल हुसैन ने कहा कि इस्लाम में महिलाओं को पहले से ही पुरुषों के समान अधिकार दिए हैं। शरियत कहती है कि बेटा-बेटी बराबर हैं। इस्लाम बेटा-बेटी के बीच तालीम में भी भेदभाव नहीं करता। उन्होंने छात्राओं को अधिकारों की जानकारी भी दी। डॉ. नमिता सिंह छात्राओं से सीधे रूबरू हुईं। उन्होंने छात्राओं की समस्याओं को पूछा और समाधान बताया। कहा कि अपराजिता का अर्थ है जिसे कोई पराजित नहीं कर सकता। जिसे पराजित न किया जा सके वह शक्ति महिला शक्ति ही है। समाज भले ही पुरुष प्रधान हो, लेकिन मां तो नारी ही है। नारी ही पुरुष की जननी है। अगर वह शिक्षित और स्वस्थ होगी तो समाज को भी मजबूती मिलेगी। साबिया सुल्तान ने भी छात्राओं को टिप्स दिए। इस मौके पर नाहीद बेगम, मुमतहीद, रुखेजेवा आदि रहे।