उझानी (बदायूं)। क्षेत्र पंचायत जल्द ही इलाके के गांवों के विकास को रफ्तार देगा। इसके लिए शनिवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक में अहम प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान कर दी गई। क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी) ने प्रधानों की तरह मानदेय की मांग की तो उस पर भी बोर्ड ने विचार किया। विकास कार्यों के तहत गांवों की गलियों में करीब दो हजार मीटर सीसी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। ब्लॉक परिसर स्थित मीटिंग हॉल का जीर्णोद्धार भी होगा।
कार्यालय परिसर में ब्लॉक प्रमुख रत्नेश यादव की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक दोपहर में करीब एक बजे शुरू हुई। सदस्यों ने अपने-अपने इलाके में सीसी सड़कों, नाला और खड़ंजा निर्माण के प्रस्ताव रखे। सदस्यों के प्रस्तावों पर सहमति के बाद उन्हें मंजूरी प्रदान कर दी गई। ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों में इलाके के गांवों में करीब दो हजार मीटर सीसी सड़कों का निर्माण, आठ मीटर से अधिक खड़ंजा, डेढ़ हजार मीटर से अधिक नाले का निर्माण भी कराया जाएगा। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने प्रधानों की तरह प्रतिमाह मानदेय मुहैया कराए जाने का प्रस्ताव भी रखा। इसे विचार के लिए अफसरों तक भेजा जाएगा। जिला पंचायत सदस्यों में अशोक यादव, भृगवेंद्र उर्फ विकास यादव और ओमकार सिंह ने अहम मुद्दों पर चर्चा की। पूर्व ब्लॉक प्रमुख कृष्णपाल सिंह यादव ने सदस्यों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। बोर्ड की बैठक में बीडीओ विनोद कुमार, मनरेगा के जिला कोआर्डिनेटर राम सागर, पशु चिकित्साधिकारी विवेक माहेश्वरी आदि भी मौजूद रहे।
-------------
अफसर फिर गायब, निंदा प्रस्ताव पास
उझानी। क्षेत्र पंचायत की बैठक में एक मुद्दा अफसरों की गैरहाजिरी का भी बना। पिछली बार की तरह इस बार भी समाज कल्याण, विद्युत, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत कई प्रमुख विभागों के अफसर मौजूद नजर नहीं आए। सदस्यों ने पिछली बार की तरह ही एक बार फिर निंदा प्रस्ताव पास कर दिया। साथ ही मामला डीएम तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
--------
बीडीओ के जरिए सभी विभागाध्यक्षों के लिए बैठक के एजेंडे की सूचना भिजवा दी गई थी। पिछली बार भी ऐसा ही किया गया लेकिन अफसर नहीं पहुंचे। इस पर सदस्यों को खासा ऐतराज है।
- रत्नेश यादव, ब्लॉक प्रमुख