उघैती (बदायूं)। पुलवामा हमले के बाद युवाओं का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ इतना गुस्सा है कि एक युवक परिजनों से बॉर्डर पर जाने की जिद करने लगा। ज्यादा जिद करने पर परिजनों ने उसे छत पर ले जाकर बंद कर दिया तो युवक ने छत से छलांग लगा दी, जिससे उसके पैर में फ्रेक्चर हो गया।
कस्बा निवासी नितिन (19) पुत्र राकेश गुरुवार सुबह से पिता से जिद कर रहा था कि वह बॉर्डर पर आतंकवादियों से लड़ने जाएगा। उसके परिवार वालों ने पहले तो उसकी बात को मजाक समझकर अनसुना कर दिया, लेकिन दोपहर बाद जब वह कपड़े लेकर जाने लगा तो परिवार वालों ने उसे छत पर बंद कर दिया। इससे युवक ने आक्रोश में आकर पहली मंजिल की छत से ही छलांग लगा दी। जब घर वालों ने कुछ गिरने की आवाज सुनी तो वे दौड़ पड़े। बाहर देखा तो नितिन बेहोशी की हालत में पड़ा था। उसके बाद परिवार वाले उसे प्राइवेट अस्पताल ले गए। नितिन के पैर में फ्रैक्चर हो गया है। नितिन दो भाई और दो बहन हैं। उसके पिता किसान हैं। ब्यूरो