नहीं मिल रही बिजली, कैसे हो फसलों की सिंचाई
बिसौली। तहसील क्षेत्र के लोग बिजली नहीं मिलने की वजह से बेहद परेशान हैं। खासकर आलू की पैदावार करने वाले किसान तो ज्यादा ही मुसीबत झेल रहे हैं। 24 घंटों में केवल दो-तीन घंटे की सप्लाई मिलने के कारण वे फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं, जबकि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात कर रही है। जब फसलों की सिंचाई ही नहीं हो सकेगी तो किसानों की आय दोगुनी कहां से होगी, यह बड़ा सवाल है।
तहसील क्षेत्र में आलू की खेती बहुतायत में होती है। आलू ऐसी फसल है, जिसकी सिंचाई केवल दिन में ही हो सकती है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आलू की सिंचाई के लिए एक बार में कम से कम चार-पांच मजदूरों की आवश्यकता होती है। बिजली दिन भर में डेढ़ से दो घंटा ही मिल पा रही है। इस वजह खेतों में मजदूर दिन भर खाली बैठे रहते हैं। किसान को उनकी मजदूरी देनी होती हैं। एक दिन की लगभग डेढ़ हजार रुपये मजदूरी देने के बाद भी किसान मात्र दो तीन बीघा खेत की ही सिंचाई कर पाता है।
----------------
‘दिन में पांच-छह घंटे भी बिजली मिल जाए तो राहत मिल जाए’
किसान प्रदीप शर्मा ने कहा कि पहले तो आलू की कीमत गिरने से ही काफी नुकसान हुआ था, अब बिजली कम आने से मजदूरी पर ज्यादा खर्चा हो रहा है। किसान की आय दोगुनी की बात छोड़िए, लागत भी नहीं निकल पा रही है। किसान प्रभाकर शर्मा ने कहा कि यदि दिन भर में पांच से छह घंटा बिजली मिल जाए तो भी राहत मिल सकती है। वरना किसान की हालत बेहद खराब हो जाएगी। सुरेश पाल सिंह ने कहा यदि ऐसा ही चलता रहा तो किसान को काफी नुकसान होगा। आलू की पैदावार करने वाला किसान इस वक्त बेहद परेशान है। यदि बिजली में सुधार नहीं हुआ तो किसान प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
-------------------------
तहसील को 22 घंटे बिजली देने के आदेश हैं, और हमारे यहां से दी भी जा रही है। हम यह नहीं बता सकते कि जनता को क्यों नहीं मिल पा रही है।
-एसके आर्या, अधिशासी अभियंता, ट्रांसमिशन
-----------------
हमें जितनी बिजली मिल रही है, उतनी उपलब्ध करा रहे हैं। एक कंपनी के लोग कई गांवों में खंभों पर तार डाल रहे हैं इसलिए वे शटडाउन भी ले लेते हैं। इसलिए भी यह समस्या हो सकती है।
-विनय कुमार, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड
00
बिजली की आंख मिचौनी से जनता परेशान
बिल्सी। नगर में इन दिनों चल रही बिजली की आंख मिचौनी से नगर की जनता काफी दुखी हो चुकी है। बिजली के अभाव में शाम को सड़कों पर अंधेरा छा जाता है, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। नगर के खैरी रोड निवासी कमलेश शर्मा, वसीम सलमानी, अरविंद गुप्ता, आरके लक्ष्य, पुरुषोत्तम शाक्य, ललतेश शर्मा, तनुज वार्ष्णेय आदि ने बताया कि इन दिनों नगर में बिजली कटौती का इतना बुरा हाल है कि यहां कई-कई घंटे बिजली गुल रहती है। दिन में भी बिजली की कई बार ट्रिपिंग होती रहती है। बिजली नियमित रूप से न मिल पाने के कारण यहां के उद्योग धंधों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा हैं। बावजूद इसके बिजली विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे पा रहा है। ब्यूरो