बदायूं। पुलिस की ढिलाई से लुटेरे बेखौफ होते जा रहे हैं। रविवार रात गांधी ग्राउंड के सामने सरेआम एक महिला का कुंडल लूट लिया गया। इस घटना को बाइक सवार दो युवकों ने अंजाम दिया। स्कूटी पर सवार दंपति ने लुटेरों का पीछा भी किया, लेकिन पकड़ने में नाकाम रहे। इस घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
सदर कोतवाली इलाके के पटियाली सराय मोहल्ला निवासी विनोद कुमार मिश्रा, पत्नी सुषमा मिश्रा के साथ रविवार शाम डीएम रोड स्थित अपने एक दोस्त के घर गए थे। वहां से रात पौने आठ बजे दोनों स्कूटी पर अपने घर लौट रहे थे। सुषमा मिश्रा स्कूटी पर पीछे बैठी थीं। वे लावेला चौक से होते हुए गांधी ग्राउंड के सामने पहुंचे होंगे। तभी पीछे से बाइक पर दो युवक आए, जिनमें पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर सुषमा मिश्रा के एक कान का कुंडल लूट लिया। कुंडल लूटने के बाद लुटेरे शिव मंदिर चौराहे की तरफ भागे। सुषमा के चीखने पर विनोद कुमार मिश्रा ने शोर मचाते हुए चौराहे तक पीछा भी किया। उस वक्त सड़क पर सुनसान थी, जिसका फायदा उठाकर लुटेरे छह सड़का की तरफ होकर भाग गए। इसके बाद दंपति ने सदर कोतवाली जाकर सूचना दी। पुलिस मौके पर भी गई। सुषमा मिश्रा ने बताया कि लुटेरों की उम्र 30-35 साल होगी। उनमें बाइक पर पीछे बैठा लुटेरा लाल चेकदार शर्ट पहने था। पुलिस काफी देर तक लुटेरों को तलाशती रही, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।