फोटो- 10 बीडीएनयूजेएचपीएच-02,03
जलाभिषेक से पहले गंगाघाट
पर उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब
30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शुरू की कांवड़ यात्रा
हाईवे पर कांवड़ियों की टोलियों के साथ झूमे कलाकार
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)।
सावन में जलाभिषेक के तीसरे पड़ाव की ओर बढ़ रही कांवड़ यात्रा में शुक्रवार को कांवड़ियों की टोलियों में इजाफा हो गया। रोज के मुकाबले करीब दो गुनी वृद्धि के साथ शिवभक्तों की संख्या 30 हजार पार कर गई। गंगाघाट पर कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा।
कछला गंगाघाट पर तड़के से ही कांवड़ियों की टोलियां पहुंचने लगीं। रुक-रुक कर घाट पर पहुंचीं कांवड़ियों की टोलियों में शामिल शिवभक्तों ने गंगा स्नान के बाद कांवड़ पूजन किया। भगवान भोलेनाथ की स्तुति और सुख-शांति की कामना के साथ शिवालयों की ओर बढ़ कछला से निकलकर हाईवे पर धमाल मचा दिया। बरेली में विशारतगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष सूरजपाल मौर्य की अगुवाई में पांच सौ से अधिक शिवभक्तों की टोली कांवड़ लेकर निकली। कलाकारों ने नृत्य से माहौल शिवमय बना दिया। यह टोली तीसरे सोमवार को गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक करेगी। इसके अलावा शाहजहांपुर में कलान ओर मिर्जापुर, पीलीभीत में न्यूरिया, बीसलपुर आदि के कांवड़ियो की टोलियों भी कांवड़ यात्रा का हिस्सा बनीं। भाजपा नेता गिरीशपाल सिसोदिया ने प्रसाद वितरण कराया।