फोटो- 03 बीडीएनयूजेएचपीएच-04,05
पांच घंटे देरी से पहुंची बरेली-कासगंज पैसेंजर
बरेली में रेलवे ट्रैक पर भरा पानी, दो ट्रेनें हुईं लेट
रामगंगा स्टेशन पर रोकी गई बरेली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं/उझानी। गुरुवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने बरेली-कासगंज रेलवे रूट पर दो ट्रेनों का आवागमन प्रभावित कर दिया। बारिश का पानी बरेली में रामगंगा से जंक्शन के बीच ट्रैक पर पहुंचने की भनक लगते ही कासगंज को निकलने वाली पैसेंजर ट्रेन को जंक्शन पर ही रोक लिया गया। यह ट्रेन करीब पांच घंटे लेट हो गई। कासगंज की ओर से चली पैसेंजर ट्रेन को रामगंगा स्टेशन पर करीब आधा घंटा तक ब्रेक लेना पड़ा। ट्रेनों का आवागमन प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बरेली जंक्शन से सुबह में करीब पौने आठ बजे कासगंज के लिए जाने वाली पैसेंजर ट्रेन चलती है। रामगंगा और जंक्शन के बीच ट्रैक पर बारिश का पानी भरा होने की जानकारी कंट्रोल को ट्रैक मेंटेनरों के जरिए मिली तो पैसेंजर ट्रेन को जंक्शन पर रोक लिया गया। यात्रियों को भी बताया गया कि ट्रैक पर पानी कम होने के बाद ही ट्रेन के लिए गंतव्य को रवाना किया जाएगा। यह ट्रेन करीब पांच घंटा लेट हो गई। कासगंज से ओर से सुबह में करीब छह बजे बरेली को जाने वाली पैसेंजर ट्रेन उझानी और बदायूं होकर रामगंगा पहुंचा तो उसे भी करीब आधा घंटा तक रुकना पड़ा। दोपहर तक कोई ट्रेन स्टेशन पर नहीं पहुंचने से यात्रियों को भी रूट के स्टेशनों पर इंतजार करते समय परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में पैसेंजर ट्रेनों का आवागमन सुचारु हो गया लेकिन कासगंज की ओर जाने वाले यात्रियों को स्टेशन से लौटकर बसों में सफर करना पड़ा।
इंसेट
विंडो पर जवाब नहीं मिलने से गुस्से में दिखे यात्री
उझानी। बरेली से कासगंज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन जब दोपहर तक स्टेशन पर नहीं पहुंची तो कुछेक लोगों ने विंडो पर सच्चाई का पता लगाने की कोशिश की। विंडो पर उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। इससे पहले स्टेशन मास्टर ने सूचना पट पर ट्रेन लेट होने की सूचना जरूर अंकित कर दी, लेकिन पूछने पर किसी को कोई जानकारी नहीं दी गई। इसे लेकर यात्रियों में गुस्सा नजर आया।
वर्जन
बरेली में रेलवे ट्रैक पर बारिश का पानी भर जाने से एक पैसेंजर ट्रेन करीब पांच घंटा तक जरूर प्रभावित हुई लेकिन किसी और पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। दोपहर से पहले ही ट्रैक को दुरुस्त कर दिया गया था। - एसके यादव, स्टेशन मास्टर उझानी।