उझानी (बदायूं)। खाटू नरेश श्री श्याम प्रभु की जयंती मंगलवार को धूमधाम से मनाई गई। हजारों की संख्या में जुटे श्याम बाबा के भक्तों ने शोभायात्रा में शामिल होकर बाबा के जयकारे लगाए। मेन मार्केट में शोभायात्रा का जोरदार स्वागत भी किया गया। बैंडबाजों की धुन पर थिरके महिला-पुरुषों ने छह किलोमीटर पैदल चलकर जजपुरा स्थित खाटू नरेश के मंदिर में निशान (पताकाएं) अर्पित कीं। मंदिर में छप्पन भोग का प्रसाद भी चढ़ाया गया।
श्याम बाबा की शोभायात्रा एमजीपी कॉलेज रोड स्थित परशुरामपुरिया परिवार के निवास से शुरू हुई। हजारों की संख्या में जुटे बाबा के भक्तों ने पहले झांकी का दर्शन किया फिर नाचते-गाते बाजार की ओर निकल पड़े। स्टेशन रोड पर भक्तों और दुकानदारों ने झांकी पर फूल बरसाए। घंटाघर चौराहे से लेकर बदायूं रोड तक बाबा के जयकारों की गूंज रही। शोभायात्रा दोपहर में जजपुरा मंदिर पहुंची तो भक्तों ने बाबा के निशान मंदिर में अर्पित किए।
यजमान में अजय कुमार मित्तल ने मंदिर में खाटू नरेश के समक्ष छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया। शोभायात्रा में दीपक गर्ग, राजकुमार बंसल, गौरव गर्ग, पूनम अग्रवाल, धीरज मित्तल समेत काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे। इस मौके पर भंडारा भी हुआ, जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।