बदायूं। आसमान से बरस रही आग ने बुधवार को 43.2 डिग्री तापमान के साथ लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह सूरज निकलने के बाद शुरू हुई गर्म हवाओं ने लोगों का झुलसाना शुरू कर दिया। तपती धूप की वजह से दिन भर लोग बेचैन देखे गए।
घर से बाहर सड़क पर निकले लोगों को लगा रहा था, जैसे आसमान से आग बरस रही हो। दोपहर में निजी काम से निकले लोगों को भारी गर्मी का सामना करना पड़ा। जगह-जगह पानी पीने वालों की लाइन लगी थी। बस में सफर कर रहे यात्री गर्मी से परेशान रहे। चिलचिलाती धूप के चलते घर में रखे कूलर, पंखे की हवा भी पसीने को सुखाने में नाकाफी साबित हुई। हालत यह रही कि दिन में 11 बजे ही बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा छा गया। मजबूरी में काम से निकले लोग गर्मी से बचने के लिए तौलिया और रुमाल का उपयोग करते नजर आए। भीषण गर्मी से पशु पक्षी से लेकर हर कोई पानी के लिए व्याकुल दिखा।
--
पानी और जूस की बिक्री बढ़ी
तेज धूप और लू वाली गर्मी से हर कोई परेशान है। गर्मी से पानी और जूस की मांग में इजाफा हुआ है। रोडवेज स्थित पानी की दुकान पर सुबह से भीड़ लगना शुरू हो जाती है। दुकान मालिक गुड्डू का कहना था कि इस प्रचंड गर्मी में पानी बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। कम दाम में पानी मिलने के कारण दुकान पर हर वक्त भीड़ लगी रहती है, लोग पानी की बोतल भरवाकर ले जाते हैं।