बदायूं। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सभी बीएसए को छात्र-शिक्षक अनुपात का डाटा 15 मई तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। समायोजन का आधार 30 सितंबर 2018 की छात्र संख्या रहेगा। समायोजन में उन शिक्षकों को हटना पड़ सकता है जहां पर छात्र संख्या कम है और शिक्षक ज्यादा है। ऐसे में उन्हें पद का निर्धारण होने के बाद दूसरे स्कूलों में समायोजित किया जाएगा।
यूं तो हर साल शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया चलती है, लेकिन वह अंजाम तक नहीं पहुंच पाती। बीते शैक्षिक सत्र में भी समायोजन के आदेश हुए थे,लेकिन कई स्थानों पर शिक्षक उस नीति के खिलाफ कोर्ट चले गए थे। जहां से स्टे हो गया। अब फिर समायोजन का जिन्न बाहर आया है। बेसिक शिक्षा सचिव रूबी सिंह ने प्रदेेश के सभी बीएसए को पत्र जारी कर आरटीई के तहत 15 मई तक प्रत्येक स्कूल में छात्र-शिक्षक अनुपात के तहत पदों का निर्धारण कर सूचना भेजने के निर्देश दिए हैं। इस पत्र के मिलते ही विभाग ने समायोजन को शिक्षक-छात्र अनुपात का पता लगाना शुरू कर दिया है। सभी बीईओ को निर्धारित प्रपत्र पर सूचना मांगी है। जिले में वर्तमान में 1802 प्राथमिक और 565 उच्च प्राथमिक स्कूल हैं। इनमें लगभग 51 सौ शिक्षक हैं।
इनमें बहुत से ऐसे स्कूल हैं जहां पर मानक से ज्यादा शिक्षक तैनात हैं, जबकि बच्चों की संख्या कम है। समायोजन में उन्हीं शिक्षकों को हटना होगा, जो सेटिंग के चलते तैनात हुए हैं। समायोजन की प्रक्रिया शुरू होने से ऐसे शिक्षकों में खलबली मच गई है।
समायोजन का क्या है मानक
प्राथमिक स्कूल में 60 बच्चों पर दो, 90 पर तीन, 120 पर चार और 150 से ज्यादा होने पर पांच शिक्षकों के साथ ही प्रधानाध्यापक तैनात किए जाते हैं। वहीं उच्च प्राथमिक स्कूल में सौ बच्चों पर तीन, 105 बच्चों पर तीन शिक्षकों के साथ ही प्रधानाध्यापक की तैनाती होती है। इसके बाद 35 बच्चे के हिसाब से अन्य शिक्षकों को तैनात किया जाता है।
विषयों का भी रखा जाता है ध्यान
उच्च प्राथमिक स्कूल में गणित-विज्ञान शिक्षक के साथ ही एक भाषा और सामाजिक विषय का शिक्षक होना अनिवार्य होता है। यदि कहीं पर छात्र संख्या कम है और एक ही विषय के कई शिक्षक हैं तो उनमें से हटाया जाता है।
शासन के निर्देश के अनुसार छात्र-शिक्षक अनुपात के हिसाब से पूरा डाटा निर्धारित समय तक भेज दिया जाएगा। आगे समायोजन के संबंध में जो भी निर्देश प्राप्त होंगे, उसी के अनुसार काम किया जाएगा। समायोजन में आरटीई के तहत शिक्षकों का छात्र संख्या के आधार पर पद निर्धारण होता है।
-रामपाल सिंह राजपूत, बीएसए