कब्रिस्तान की जमीन पर खड़े छात्रों के वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
उझानी (बदायूं)। अब्दुल्लागंज के श्री सालिकराम आदर्श इंटर कॉलेज में जीव विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा देने पहुंचे छात्रों के कब्रिस्तान की जमीन पर वाहन खड़े करने पर एक युवक ने हंगामा कर दिया। युवक ने कुछ छात्रों को वहां से खदेड़ दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे कॉलेज के प्रबंधक ने भी युवक को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना। बाद में पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा।
मामला शनिवार दोपहर का है। सालिकराम आदर्श इंटर कॉलेज के सामने कब्रिस्तान की भूमि है। कब्रिस्तान की भूमि पर गांव का ही एक युवक लकड़ी का कारोबार करता है। सुबह में जीव विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा देने पहुंचे कुछ छात्रों ने अपने वाहन कब्रिस्तान की भूमि पर खड़े कर दिए। आरोप है कि उसी दौरान लकड़ी कारोबारी आ गया। पहले तो उसने वहां से वाहन हटा लेने को धमकाया फिर छात्रों से अभद्रता करने लगा। उसने बाइक सवार दो-तीन छात्रों को खदेड़ भी दिया। इससे छात्रों का भी गुस्सा फूट पड़ा।
छात्रों से अभद्रता की भनक लगते ही कॉलेज प्रबंधक राजेश कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी युवक को समझाने की कोशिश की तो वह उनसे भी कहासुनी करने लगा। प्रबंधक ने प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार शर्मा को कॉल कर पुलिस को मौके पर बुला लिया। पुलिस कर्मियों के समझाने पर आरोपी युवक मान तो गया लेकिन इसे लेकर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। कॉलेज प्रबंधक ने बताया कि कब्रिस्तान की भूमि पर आरोपी युवक ने कब्जा कर रखा है। लकड़ियों को लोड करने के लिए ट्रक आदि वाहन पहुंचते रहने से हादसे की आशंका भी बनी रहती है।