बदायूं। औषधि प्रशासन विभाग ने जिले भर में मेडिकल स्टोर्स पर छापामारी कर 11 दवाओं के नमूने लिए हैं। इनको जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। 90 दिन में जांच रिपोर्ट आने की उम्मीद है। हालांकि, पहले से भी करीब 70 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्रयोगशाला में फंसी है।
औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान चलाकर जिले भर में 12 मेडिकल स्टोर्स पर छापामारी की। इस दौरान संदिग्ध दिखने वाली 11 दवाओं के नमूने लिए गए। एक मेडिकल स्टोर से तीन दवाओं के नमूने भरे गए। ड्रग इंस्पेक्टर पवन कुमार ने बताया कि छापामारी अभियान के दौरान पांच मेडिकल संचालकों को लाइसेंस शर्तों के मुताबिक व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं होने पर नोटिस जारी कर व्यवस्थाओं में सुधार की चेतावनी दी गई है। औषधि प्रशासन विभाग की छापामारी के दौरान मेडिकल संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
अभी नहीं आयी पुराने नमूनों की रिपोर्ट
बदायूं। प्रयोगशाला में करीब 70 नमूने पहले से फंसे हैं। औषधि प्रशासन विभाग को इनकी रिपोर्ट नहीं मिली है। हालांकि, विभाग की ओर से प्रयोगशाला को रिमाइंडर भेजा गया है। ड्रग इंस्पेक्टर का कहना है कि पुराने कुछ नमूनों की रिपोर्ट इस महीने के अंत तक आने की उम्मीद है। नए भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट आने में अभी तीन महीने का वक्त लगेगा।