सहसवान (बदायूं)। सोमवार को नगर के एक मोहल्ले में घर के बाहर खेल रही बच्ची की नाले में गिरकर मौत हो गई। परिवार वालों ने शव को नाले से निकाल लिया, लेकिन उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
नगर के शहबाजपुर मोहल्ला निवासी आसिफ खेतीबाड़ी करते हैं। उनका घर बदायूं-मेरठ हाईवे किनारे बना है। उसी के सामने एक बड़ा नाला है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे आसिफ की चार वर्षीय बेटी ईशम घर के बाहर खेल रही थी। तभी वह खेलते-खेलते अचानक नाले में गिर गई। काफी देर तक बच्ची दिखाई नहीं दी तो परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। मोहल्ले में इधर-उधर तलाश किया परंतु उसका कुछ पता नहीं चला। उसी दौरान कुछ लोग नाले किनारे से गुजर रहे थे। उन्होंने बच्ची को नाले में पड़ा देखा, तभी परिवार वालों को सूचना दी। इस पर मोहल्ले के कई लोग जमा हो गए। बच्ची को नाले से निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। इसकी सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई परंतु परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। देर शाम तक बच्ची का शव घर पर रखा रहा। उसके बाद शव को दफन कर दिया गया।