सिलिंडर में लगी आग
से जला घरेलू सामान
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव सिमर्रा भोजपुर में गैस पर खाना पकाते हुए अचानक गैस सिलिंडर में लगी आग से घर में रखे 10 हजार रुपये समेत करीब 50 हजार रुपये का सामान जल गया। गांव वालों की मदद से जैसे- तैसे आग पर काबू पाया गया।
गांव निवासी गोपालदास शाक्य की पत्नी ओमवती शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे खाना पका रहीं थी। इसी दौरान सिलिंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग में 10 हजार रुपये की नकदी व एक क्विंटल गेहूं समेत लगभग 50 हजार की संपत्ति जलकर राख हो गई। कमरे की छत भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई और उन्होंने पानी डालकर आग पर बड़ी मुश्किल से काबू पाया। जिला पंचायत सदस्य ममता शाक्य के प्रतिनिधि चन्द्र शेखर, सपा नेता रविन्द्र शाक्य, सोवरन शाक्य, चंद्रपाल शाक्य, ओमपाल शाक्य आदि ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलवाए जाने की मांग की है।