अलीगढ़ से जीतकर लौटे बच्चों को स्कूल में किया गया पुरस्कृत
उझानी। एस्सल ओडियन पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मंगलायत धाम अलीगढ़ में आयोजित शैक्षिक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर जल संरक्षण विषय पर अपना पक्ष रखा। छात्राओं में लीडरशिप की भावना विकसित करने के उद्देश्य से चार दिवसीय कार्यक्रम के विजेता बच्चे शुक्रवार को स्कूल लौटे तो प्रबंधक सुधांशु गुप्ता ने उन्हें पुरस्कृत किया। अंतरराष्ट्रीय रोटरी यूथ लीडरशिप अकादमी की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा-आठ के छात्र पारस तोमर, कक्षा-सात के अनमोल दक्ष, अर्पित यादव और समीर, कक्षा-आठ की छात्रा नेहा यादव ने हिस्सा लिया। छात्र और छात्राओं ने कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण कार्यशाला में जल संरक्षण पर अपने विचार रखे। छात्र और छात्राओं ने इस बात पर चिंता जाहिर की कि अगर पानी का दुरुपयोग नहीं रुका तो आने वाले समय में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। विजयी होकर विद्यालय में लौटने पर छात्र और छात्राओं को प्रबंधक सुधांशु गुप्ता ने पुरस्कृत किया। उन्होंने बच्चों के हौसले की भी तारीफ की। पुरस्कार वितरण के दौरान प्रधानाचार्य विमल सिंह, कोऑर्डिनेटर काजल, माधवी, प्राची मिश्रा आदि मौजूद थे। ब्यूरो