समसपुर कूबरी में गलाघोंटू (डिप्थीरिया) बीमारी के दस्तक देने के बाद दातागंज नगर में भी इस जानलेवा बीमारी ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। वार्ड संख्या आठ में एक बच्चे की मौत हो गई। सेहत महकमे ने सैंपल जांच को भेजा है।
तहसील बिल्सी क्षेत्र के गांव समसपुर कूबरी में गलाघोंटू बीमारी से कुछ दिनों के अंदर ही चार बच्चों की मौत हो गई थी। इधर, इसी जानलेवा बीमारी की चपेट में आने से नगर के वार्ड संख्या आठ निवासी सूरज (2) पुत्र नरेश की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह बच्चे को इलाज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए थे। जहां से उसे जिला अस्पताल को रेफर कर दिया गया था। परिजनों के मुताबिक बच्चे का गला सूज गया था। साथ ही बुखार भी था।
इधर, वार्ड संख्या आठ के सभासद गुड्डन गुप्ता ने कहा कि कई बच्चे वार्ड के अंदर ऐेसे हैं जिनका किसी तरह का टीकाकरण नहीं हुआ है। हो सकता है कि इसी वजह से बच्चे संक्रामक जानलेवा बीमारियां की चपेट में आ रहे हों। स्वास्थ्य विभाग को चाहिए कि वह बच्चों का टीकाकरण करे।
बालक में लक्षण तो डिप्थीरिया (गलाघोंटू) जैसे लग रहे थे। सो सैंपल लेकर जांच को भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी।
-डॉ.सनोज मिश्रा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज