बदायूं। एक दिसंबर को हुई मतगणना के बाद में सभी प्रत्याशियों का भविष्य तय हो गया। जीते हुए चेयरमैन और सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह अब तक नहीं हो सका है। वजह है कि अब तक शासन की ओर से कोई तारीख नहीं आई है। वहीं भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि 12 दिसंबर की तारीख तय हो गई है।
सात नगर पालिकाओं और 13 नगर पंचायतों के चेयरमैन और सदस्यों को शपथ ग्रहण का इंतजार है। इनमें अधिकतर नए लोग चेयरमैन की गद्दी सभालेंगे। वहीं कुछ पुराने चेयरमैन भी दोबारा कुर्सी पर बैठेंगे। सबसे ज्यादा बेसब्री सदस्यों में देखी जा सकती है। कुछ सदस्यों ने अभी से क्षेत्र में समस्याओं को तलाशना शुरू कर दिया है। शहर चेयरमैन दीपमाला गोयल ने बताया कि शपथ ग्रहण के लिए 12 दिसंबर की तारीख तय की गई। शपथ ग्रहण का कार्यक्रम गांधी ग्राउंड पर होगा। कार्यक्रम में शीर्ष स्तर के नेता शामिल होंगे। उधर, नगर पालिका ईओ निशा मिश्रा ने बताया कि अभी शासन की ओर से तिथि फाइनल नहीं है, लेकिन हम लोग पूरी तैयार हैं। जिस दिन डेट मिलेगी, उस दिन भव्य समारोह में शपथ ग्रहण कराया जाएगा। कोशिश है कि अब तक के शपथ ग्रहण समारोहों की अपेक्षा इस बार का कार्यक्रम भव्य हो। शपथ के तत्काल बाद सदन की पहली बैठक होगी।