बदायूं। प्रदेश में क्षय रोग के खात्मे को अब नई व्यवस्था को लागू किया गया है। क्षय रोग पीड़ितों को अब प्रतिदिन दवा खिलाई जाएगी। अभी तक क्षय रोग की दवा सप्ताह में तीन दिन खिलाई जाती थी। सेहत महकमे के रिकार्ड के अनुसार जिले में अभी लगभग पांच हजार क्षय रोगी हैं तो क्षय रोगियों की जांच के लिए 30 केंद्र।
क्षय रोग के नियंत्रण को केंद्र और राज्य सरकार कई प्रोग्राम चलाती रही है। इस जानलेवा बीमारी पर कंट्रोल के लिए वर्ष 1997 से देश में डॉटस प्रोग्राम चलाया गया। इसके तहत सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को क्षय रोग से पीड़ित मरीजों को निकट के डॉट्स केंद्र पर दवा दी जाती थी। इसके बाद भी क्षय रोगियों की संख्या में ज्यादा कमी नहीं आ रही थी। अब नए प्रोग्राम के तहत क्षयरोगियों को रोजाना ही दवा खिलाई जाएगी। इस बारे में जिला क्षयरोग नियंत्रण अधिकारी डॉ.रमेश चंद्र दीक्षित ने बताया कि नया प्रोग्राम पूरे प्रदेश में लांच किया गया है। इसके लिए पिछले दिनों उन्होंने स्टेट सेंटर आगरा में ट्रेनिंग ली थी।
डीटीओ ने बताया कि जिले में वर्तमान में लगभग पांच हजार क्षयरोगी हैं जिन्हें नियमित दवा दी जाती है। अब उन्हें रोजाना ही दवा खिलाई जाएगी। डॉ.दीक्षित ने बताया कि इस प्रोग्राम की मॉनीटरिंग प्रधानमंत्री कार्यालय से हो रही है। वर्ष 2025 तक क्षय रोग के खात्मे का लक्ष्य बनाया गया है। उम्मीद की जा रही है कि नई व्यवस्था से क्षय रोग खत्म हो सकता है। बोले-जिले में क्षयरोगियों की जांच को तीस माइक्रोस्कोपी केंद्र हैं। पांच सौ से ज्यादा डॉट्स केंद्र हैं। उनके अलावा सीएचसी, पीएचसी और न्यू पीएचसी पर क्षयरोगियों को दवा खिलाई जाती है।
-----
जिले में आज तक लागू नहीं हो सका है क्षयरोग का नया प्रोग्राम
बदायूं। प्रदेश के सभी जिलों में क्षयरोगियों को रोजाना दवा खिलाने का प्रोग्राम लागू हो चुका है। मगर बदायूं में यह प्रोग्राम अब तक लागू नहीं हो पाया है। जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ.रमेश चंद्र दीक्षित ने बताया कि उनकी और डिप्टी क्षयरोग नियंत्रण अधिकारी डॉ.हरीदत्त की रिटर्निग आफीसर के तौर पर निकाय चुनाव में ड्यूटी लगी है। वह बिल्सी और डॉ.हरीदत्त बिसौली में ड्यूटी दे रहे हैं। डॉ.दीक्षित ने कहा कि वह ही नए प्रोग्राम की आगरा से ट्रेनिंग लेकर आए हैं इसलिए उनकी मौजूदगी में ही यह प्रोग्राम लागू होना हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के बाकी सभी 74 जिलों में यह प्रोग्राम 30 अक्तूबर को लागू हो गया है। बदायूं में प्रोग्राम लागू नहीं होने की सूचना वह राज्य क्षय नियंत्रण अधिकारी को पत्र के जरिए दे चुके हैं।
---------------
क्षय रोग विशेषज्ञ को लगाया चुनाव ड्यूटी पर
बदायूं। क्षयरोग के नियंत्रण को नए प्रोग्राम के लागू नहीं होने के बारे में सीएमओ डॉ. नेमी चंद्रा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्होंने डॉ.नवनीत कुमार को ड्यूटी पर लगाया है। डीटीओ और डिप्टी डीटीओ की चुनाव में ड्यूटी लगी है सो उन्हें ड्यूटी से मुक्त कराने को डीएम और सीडीओ से अनुरोध किया गया है।