पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट को लेकर बिजली विभाग ने बड़ी राहत दी है। शुक्रवार को उपकेंद्र पर बकाया बिल जमा करने के लिए शिविर लगेगा। शिविर में पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट भी लिए जाएंगे।
अवर अभियंता आरपी शर्मा ने बृहस्पतिवार को बताया कि बकाया बिजली जमा करने के लिए स्थानीय स्तर पर शिविर सुबह में आठ बजे शुरू होकर रात 11 बजे तक चलेगा। काउंटर पर बकाया धनराशि जमा करते वक्त उपभोक्ता पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट भी दे सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ताओं से किसी तरह का कोई आईडी प्रूफ भी नहीं लिया जाएगा।
शिविर के अलावा मार्केट में बिजली विभाग का सचल वाहन भी बकाया धनराशि जमा करते वक्त उपभोक्ताओं से पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट लेगा। बिजली कर्मियों ने बकायेदारों को जानकारी मुहैया कराने के लिए मुनादी भी कराई। बताया कि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।