बदायूं। जिले में 18 फरवरी से शुरू होने वालीं उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, नकल विहीन ढंग से कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। परीक्षाओं के संचालन की जिम्मेदारी केवल माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी परीक्षक व कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात किया गया है।
जिले में कुल 4,486 शिक्षक-शिक्षिकाओं को परीक्षा ड्यूटी के लिए प्रशिक्षित किया गया है। ये सभी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराएंगे। शिक्षा विभाग का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी स्थिति में नकल या अनुचित साधनों का प्रयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद से जुड़े कुल 1495 शिक्षक और 292 शिक्षिकाएं बोर्ड परीक्षा ड्यूटी में शामिल की गईं हैं। वहीं, बेसिक शिक्षा परिषद से 1411 शिक्षक और 1288 शिक्षिकाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और उड़न दस्तों के साथ-साथ कक्ष निरीक्षकों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को समय से केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार की अनुपस्थिति या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।