पंचायत चुनाव के लिए पहले चरण में जिले के सहसवान, इस्लामनगर और दहगवां ब्लाक में मतदान होना है। चरण चरण में होने वाले चुनाव के लिए 1412 मतदान केंद्र और 2644 बूथ बनाए गए हैं। चुनाव शांतिपूर्ण निपटाने के लिए पुलिस-प्रशासन ने एक जुलाई से ही ऐसे लोगों को चिंह्ति करने का काम शुरू कर दिया था जिनसे कानून व्यवस्था को खतरा हो सकता है। तीन महीने में अभियान चलाकर जिले के 21 थानों में 43,374 लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है।
जिले में नौ हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। 574 बदमाशों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई के साथ 65 हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ छह महीने के लिए जिला बदर की कार्रवाई की गई है। 29 अक्तूबर को चौथे चरण के चुनाव के लिए मतदान होने तक खुराफातियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
12 लोगों पर 122 सीआरपीसी की कार्रवाई
बदायूं। मुचलका पाबंद होने के बावजूद लड़ाई-झगड़ा करने वाले 12 लोगों के खिलाफ धारा 122 सीआरपीसी की कार्रवाई की गई है। यह वे लोग हैं जिन्होने मुचलका की शर्तों का उल्लंघन किया। इनसे मुचलका की रकम जब्त करने की कार्रवाई जिले के विभिन्न एसडीएम कोर्ट में चल रही है। एसएसपी सौमित्र यादव ने बताया कि पंचायत चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष सम्पन्न कराया जाएगा। जिले भर में खुराफातियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई चारो चरणों का चुनाव संपन्न होने तक जारी रहेगी।