बदायूं। नेहरू चौक पर पानी की पाइप लाइन लीक हो जाने की वजह से दुकानों की दीवारों और फर्श में दरार आ गई थी। साथ ही नेहरू चौक पर जमीन भी बैठने लगी थी। शिकायतों के बाद भी पालिका प्रशासन की नींद नहीं टूटी तो बुधवार को व्यापारियों ने खुद ही काम कराने का बीड़ा उठाते हुए टूटी सड़क को ठीक कराया।
डीएम दिनेश कुमार सिंह ने प्रशासनिक अधिकारी, ईओ, सचिव, प्रधान सभी को निर्देश दिए हैं कि वे जनहित से जुड़े कामों पर ज्यादा ध्यान दें, ताकि लोगों को असुविधा न हो। डीएम के निर्देश का असर पंचायतों में तो दिखाई दे रहा है, लेकिन शहर पालिका प्रशासन डीएम के आदेशों को हवा में उड़ा रहा है। वह जनहित के कामों को प्रथमिकता न देते हुए स्वार्थपूर्ति के कामों में लगा हुआ है। सात दिनों पूर्व नेहरू चौक पर पानी की पाइप लाइन लीक हो गई। कई दिनों तक उसे ठीक नहीं किया गया। जब व्यापारियों में आक्रोश बढ़ा तो आनन-फानन में कर्मचारी भेजकर काम चलाऊ ठीक कराया गया। इसकी वजह से वहां जमीन बैठ गई। इसकी जानकारी पालिका प्रशासन को दी, लेकिन देख लेने की बात कहकर टाल दिया गया। सूचना के बाद भी जब कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे, तो हादसे की आशंका से डरे व्यापारियों ने उसे ठीक कराने का खुद ही बीड़ा उठाया। बुधवार को मजदूर बुलाकर उसे ठीक कराना शुरू किया गया। जब पालिका के अफसरों को यह पता चला तो कर्मचारियों को भेजकर वहां पर स्थिति दिखवाने की औपचारिकता निभाई गई।
-------------
मथुरिया चौक पर खुला पड़ा गड्ढा नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही की वजह से शहरवासियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। यही वजह है कि मथुरिया चौक पर पानी की पाइप लाइन लीक होने की जानकारी देने के बाद भी दो दिन तक वहां पर कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। तीसरे दिन कर्मचारी वहां गया तो भी गड्ढे को यूं ही खुला छोड़ दिया गया। शिकायतों के बाद में बुधवार फिर कर्मचारी वहां पर सही करने पहुंचा, तब जाकर शाम को वह सही हो सका।
---------------
नेहरू चौक और मथुरिया चौक का लीकेज हमने सही करा दी। सड़क ठीक कराने का काम दूसरे विभाग का है। नेहरू चौक पर निर्माण कार्य कौन करा रहा है, इसकी जानकारी नहीं है।
-वंशीधर राजपूत, सहायक अभियंता