महाआरती का अभ्यास 11 को, बनारस की तरह सजेगा कछला घाट
बदायूं। गंगा महाआरती के लिए डीएम ने मौके पर जाकर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य को दो दिन के भीतर पूरा कराने के दिशा-निर्देश दिए। 11 जनवरी को कछला घाट पर महाआरती का अभ्यास डीएम के निर्देशन में होगा।
मंगलवार को डीएम दिनेश कुमार सिंह ने कछला घाट पर पहुंचकर निर्देश दिए कि कछला पुल पर लगी पुरानी लाइटों को बदलकर एलईडी लाइट से सजाना प्रारंभ कर दें। उच्च क्वालिटी के लाउडस्पीकर भी लगाए जाएं। वाहन पार्किंग, फूल मालाओं के लिए तीन माली चिह्नित किए जाएं। वह प्रतिदिन बारी-बारी से व्यवस्था करेंगे। गंगा घाट पर उतरने के लिए चल रहे सीढ़ियों व सड़क निर्माण का उन्होंने पैदल निरीक्षण किया। कहा कि निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि आरती के समय ड्रोन कैमरे से कवरेज की जाएगी। गंगा-आरती करने वाले लोगों के लिए विशेष वस्त्र भी दिए जाएं। सांय का नजारा कछला पुल से गुजरने वाले व्यक्ति के लिए अद्भुत नजारा बन जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम सामाजिक संगठनों के सहयोग से सम्पन्न कराया जाएगा। डीएम ने प्रकाश, मार्ग आदि व्यवस्थाओं के लिए चेयरमैन, एसडीएम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए है।