फिर दो लोगों को निगल गया बुखार
मूसाझाग (बदायूं)। जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को फिर बुखार ने दो लोगों की जान ले ली। जिले में अब तक बुखार से मरने वालों की संख्या 274 हो गई है।
समरेर ब्लॉक के मनिकापुर कौंर और तिकुलापुर गांव में बुखार ने दो लोगों की जान ले ली। समरेर ब्लॉक के गांवों में बुखार फिर बेकाबू होने लगा है। मनिकापुर के राजपाल की पत्नी मनीषा (40) को चार दिन से बुखार आ रहा था। उससका गांव का एक झोलाछाप इलाज कर रहा था। इलाज ठीक तरह न हो पाने से मनीषा की हालत बिगड़ती चली गई और शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। इसका पता चलने पर गांव के लोग दहशत में आ गए। समरेर ब्लॉक के ही तिकुलापुर निवासी अवधेश की छह साल की बेटी भावना को दो दिन पहले बुखार आया था। शुक्रवार दोपहर उसकी हालात ज्यादा बिगड़ गई। परिवार वाले बच्ची को लेकर एक झोलाछाप के पास पहुंचे, जिसने इलाज करने से मना कर दिया। इसके बाद बदायूं अस्पताल ले जाते समय रास्ते में भावना ने दम तोड़ दिया। इससे परिवार वाले शव लेकर घर लौट गए। बुखार से बच्ची की मौत होने का पता लगने से गांव वाले दहशत में हैं।