महाशिवरात्रि पर मंगलवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ रही। जिले भर के शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने वालों की सुबह से ही लाइन लग गईं। भगवान भोलेनाथ को भक्तों ने जलाभिषेक करने के साथ बेल पत्र, फल, फूल, धतूरा और मिष्ठान चढ़ाया। घंटों की ध्वनि और जयकारों से पूरा इलाका भक्ति मय हो गया।
इस दौरान कछला से कांवड़ लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने सुबह सुबह 4.30 बजे जल चढ़ाया। इसके बाद में अन्य लोगों ने जल चढ़ाने की शुरुआत की। नगर के बिरुआवाड़ी मंदिर, नगला मंदिर, हर प्रसाद मंदिर पर में भक्तों की काफी भीड़ रही। महिलाओं ने लाइन में लगकर जल चढ़ाया और परिवार की खुशहाली के लिए भोलेनाथ से कामनी की। महाशिवरात्रि पर मंदिरों में सुबह साढ़े चार बजे से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। आज के दिन भगवान शिव का उपवास रखना काफी फलदायी माना जाता है। शिवरात्रि के दिन भगवान भोले अपने भक्तों की भक्ति से प्रसन्न होकर उनकी हर मनोकामना पूर्ण करते हैं।
सुरक्षा के लिए पुलिस रही मुस्तैद
महाशिवरात्रि को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चौकस रही। गौरी शंकर और बिरुआबाड़ी मंदिर के बाहर तथा अंदर पुलिस वालों की ड्यूटी लगाई गई। इसके साथ-साथ मंदिर के बाहर गेट पर भी पुलिस वाले मुस्तैद नजर आए। वह दिनभर मंदिर में आने-जान वालों पर नजर रखे रहे।
महंगे बिके फल
महाशिवरात्रि पर फल महंगे बिके। एक हफ्ते पहले बेर 25 से 30 रुपये प्रति किलो बिक रहे थे। जो मंगलवार को 40 रुपये तक बिके। केला पहले 30 रुपये प्रति दर्जन था। जो आज 40 से 60 रुपये बिका। जहां सेब 100 से 120 रुपये प्रति किग्रा बिक रहा था। वह मंगलवार को 150 से 160 रुपये तक बिका।
शिवालयों में किए गए विशेष प्रबंध
गौरी शंकर मंदिर के प्रबंधक मयूर वैश्य ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर में विशेष प्रबंध किए गए थे। मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंची महिलाओं और युवतियों को कोई परेशानी न आए इसके लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग भी लिया गया था। वहीं श्रद्धालुओं की सेवा के लिए सेवादारों की ड्यूटी भी लगाई गई थी।