कुंवरगांव (बदायूं)। थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार रात हुए घटनाक्रम के बाद शनिवार को थाने आई किशोरी ने गांव के ही दूसरे धर्म के तीन युवकों पर सामूहिक दुराचार का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। दिन भर स्थलीय जांच में उलझी रही पुलिस ने देर शाम तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी ने शनिवार को थाने आकर अपनी ही बस्ती के तीन युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगाया। फटे कपड़ों में बदहवास हालत में आई किशोरी ने बताया कि शुक्रवार रात आठ बजे वह अपनी चाची के साथ खेत में शौच को गई थी। वहां पहले से मौजूद तीनों आरोपी उसे खेत से खींचकर आम के बाग में ले गए और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीछे से उसे खोजती हुई चाची आईं तो यह उसे छोड़कर फरार हो गए। फिर चाची उसे बदहवास हालत में लेकर घर आईं। उसने परिवारीजनों को घटना के बारे में बताया। उन्होंने सुबह कार्रवाई करने की बात कही। सुबह दस बजे पिता अपनी पुत्री को लेकर थाने आए। यहां दो घंटे तक किशोरी को बैठाने के बाद पुलिस ने उसकी तहरीर ली। फिर एसओ प्रदीप यादव ने एसआई उपेंद्र कुमार को महिला पुलिस के साथ मौके पर भेजकर जांच करने को कहा। दो घंटे गांव में जानकारी जुटाने और घटनास्थल देखने के बाद पुलिस लौट आई। शाम को पुलिस ने किशोरी के पिता की ओर से समरुद्दीन, आलिम और काले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने दबिश दी पर आरोपी घर पर नहीं मिले। एसओ ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके आरोपों की पुष्टि कर ली जाएगी। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।