शहर के मीरा सराय की निवासी मंजू को बरेली निवासी पति ने तीन बेटियां होने पर घर से निकाल दिया। अब उसके खिलाफ तलाक का केस कर दिया है। बरेली में सुनवाई को गई तो उसे और उसके भाइयों को पीट दिया। अब उसे केस वापसी के लिए धमका रहे हैं।
स्थानीय पारिवारिक परामर्श केंद्र पर अपना मामला लेकर पहुंचीं मंजू ने बताया कि वर्ष 2010 में उसकी शादी बरेली के डोरा गौंटिया में प्रमोद से हुई थी। ड्राइवर पति नशे में उससे मारपीट करता था। उसकी तीन बेटियां हुईं तो पति ने साल भर पहले उसे घर से निकाल दिया। कहा कि वह उन्हें बेटा नहीं दे सकी है इसलिए उसे घर में नहीं रखेंगे, तब से मंजू यहां मायके में रह रही है। उसने पति के खिलाफ केस किया जिसे परामर्श केंद्र में डॉ. विष्णु प्रकाश मिश्र के पटल पर भेजा गया। मंजू ने बताया कि उनके पति ने बरेली पारिवारिक न्यायालय में तलाक का केस डाल दिया है। वह 25 अक्तूबर को परिवार के साथ बरेली कोर्ट में गई। कोर्ट पहुंचने से पहले ही पति और उसके साथ मौजूद लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें उसके भाई सूरज और सतीश को गंभीर चोटें आईं, तब उसने बारादरी थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट करा दी। पति अब उसे सारे केस वापस लेने को धमका रहा है। कहता है कि वह दूसरी शादी करेगा और कोई उसका कुछ नहीं कर पाएगा। काउंसलर विष्णु प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मंजू का केस समझने के बाद उसके पति को बुलाकर पहले समझौते का प्रयास करेंगे। नहीं मानने पर आगे की कार्रवाई को लिखा जाएगा।