बदायूं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी के अवसर पर सोमवार को मिशन कंपाउंड में किसान कल्याण सम्मेलन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष बीएल वर्मा रहे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के लिए बहुत सी योजनाएं चलाई हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, नीम कोटेड यूरिया, प्रधानमंत्री सिंचाई योजना से सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। किसान की आमदनी दोगुना कैसे हो इसके लिए प्रधानमंत्री खासे चिंतित हैं। सदर विधायक महेश चंद गुप्ता ने कहा कि नरेंद्र मोदी पहली बार संसद पहुंचे तो उन्होंने कहा था कि मेरी सरकार गरीबों, किसानों, नौजवानों और मजदूरों का भला करेगी। जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद हर गांव में बिजली पहुंची है। जिला प्रभारी कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में किसानों से किया वायदा कर्जा माफ करके पूरा कर दिया। जिला संयोजक सत्यवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर है। कार्यक्रम के अंत में उन्नतशील और प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र और माला पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बिसौली विधायक कुशाग्र सागर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र सक्सेना, पूर्व जिलाध्यक्ष हर प्रसाद सिंह पटेल, जिला महासचिव सुधीर श्रीवास्तव, राजीव कुमार सिंह, धीरज सक्सेना, सीमा राठौर आदि मौजूद रहे।