डायट में सुबह से ही लगी आवेदकों की भीड़
आज होगी महिला आवेदकों की काउंसिलिंग
प्रदेश में चल रही 72 हजार प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती के लिए मंगलवार को डायट परिसर में पुरूष आवेदकों की काउंसिलिंग हुई। सुबह दस बजे से ही आसपास के जिलों से आए आवेदकों ने डायट परिसर में डेरा जमाए रखा था। भीड़ को देखते हुए डायट प्रशासन ने भी पूरी तैयारी की। पिछले अनुभव को देखते हुए आवेदकों की भीड़ से निपटने के लिए पुलिस बल का बंदोवस्त था। डायट में क्यूआरटी मौजूद रही।
बताते चलें डायट परिसर में मंगलवार को 64 पदों के लिए बीस गुना पुरुष आवेदकों को बुुलाया गया था। काउंसिलिंग कराने आए आवेदकों से उनके मूल दस्तावेजों की जांच की गई। उनकी फोटो कॉपी को जमा कराया गया। जिले में कुल 119 प्रशिक्षु शिक्षकों की तैनाती होनी है, जिसमें 64 पुरुष और 55 महिला आवेदक शामिल हैं। मंगलवार को 64 पदों के लिए हुई काउंसिलिंग में कुल 400 पुरुष आवेदकों ने काउंसिलिंग कराई। जल्द ही इन चयनित आवेदकों की कटऑफ जारी कर विद्यालयों में प्रशिक्षण को भेज दिया जाएगा। बुधवार को बचे हुए पदों पर महिला आवेदकों को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया है। काउंसिलिंग सुबह दस बजे से शुरू हो जाएगी।